CBI Raid: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिलायंस टेलीकॉम और इसके पूर्व निदेशकों सतीश सेठ और गौतम बी. दोशी के खिलाफ एसबीआई से जुड़े फ्रॉड मामले में एक और बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने मुंबई में कंपनी और इसके संबंधित लोगों के कई ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
छापेमारी और दस्तावेजों की बरामदी
सीबीआई ने रिलायंस टेलीकॉम के पूर्व निदेशकों और कंपनी के रजिस्टर्ड ऑफिस पर छापेमारी की। जांच एजेंसी ने लोन ट्रांजैक्शन और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। इन दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
CBI Raid: बैंक धोखाधड़ी का आरोप
यह मामला भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से जुड़े 114.98 करोड़ रुपए के कथित घोटाले से संबंधित है। एसबीआई ने आरोप लगाया कि रिलायंस टेलीकॉम और संबंधित व्यक्तियों ने बैंक से धोखाधड़ी की, जिसके कारण बैंक को वित्तीय नुकसान हुआ। इस मामले में सीबीआई ने आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं।
अनिल अंबानी से पूछताछ और आगे की जांच
इस महीने की शुरुआत में, सीबीआई ने अनिल अंबानी से भी एक अलग मामले में पूछताछ की थी, जो रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़े 2,929 करोड़ रुपए के बैंक धोखाधड़ी से संबंधित था। अधिकारियों के मुताबिक, लोन की राशि के गलत इस्तेमाल और शर्तों के उल्लंघन के आरोप हैं, जिनकी जांच जारी है।







