Chhattisgarh Accident: छत्तीसगढ़ में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिमगा के पास एक यात्री बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। बाद में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।

तेज रफ्तार ट्रक ने बस मारी को टक्कर
जानकारी के अनुसार, आरबीएस कंपनी की एक बस बिलासपुर से रायपुर की ओर जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बस दरचुरा के पास यात्रियों को चढ़ाने के लिए धीमी हुई। उसी समय पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चलाते हुए बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में बैठे कई यात्री घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिमगा ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। जिन लोगों की हालत ज्यादा गंभीर थी, उन्हें आगे इलाज के लिए रायपुर के बड़े अस्पतालों में भेजा गया।

Chhattisgarh Accident: हादसे में 5 लोगों की मौत
इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं। इस हादसे में एक छोटी बच्ची भी इसकी चपेट में आ गई। अब तक इस दुर्घटना में मरने वालों की कुल संख्या पांच बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान भी हो गई है। इनमें बेमेतरा के रहने वाले 80 वर्षीय दशरथ साहू, 62 वर्षीय त्रिवेणी साहू, बेतर की 24 वर्षीय राधिका निर्मलकर, 2 साल की खुशी साहू और एक 18 साल की युवती शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह ट्रक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना कैसे हुई इसकी सही वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।






