भारत में अब सर्दी ने आधिकारिक तौर पर एंट्री मार ली है। सुबह-शाम की हवा में अब ठंडक साफ महसूस हो रही है। खासतौर पर उत्तर भारत में तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। दिल्ली, यूपी, बिहार और झारखंड में लोग अब स्वेटर और जैकेट निकालने लगे हैं। उधर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ों पर बर्फबारी की शुरुआत हो चुकी है, जिससे पूरे इलाके में सफेद चादर सी बिछ गई है।
बर्फबारी से बढ़ी ठंड
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में इस वक्त ठंड अपने चरम पर है। कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ जमने लगी है। बर्फबारी का असर अब मैदानी हिस्सों में भी दिखने लगा है। सुबह-सुबह कोहरे की चादर और हल्की ठंडी हवाएं लोगों को कंपा रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में इन इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा।
ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार
दिल्ली में इन दिनों दोहरी मुश्किल है। एक तरफ ठंड का असर बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर हवा की क्वालिटी बेहद खराब है। सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी दिक्कतें आम हो चुकी हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तक तेज हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। फिलहाल, बारिश की कोई संभावना नहीं है।
यूपी-बिहार में ठंडी हवाओं ने बढ़ाई सिहरन
उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य भारत के हिस्सों में भी ठंड का असर साफ दिखने लगा है। पिछले 24 घंटे में कई जगहों पर तापमान 2 से 4 डिग्री तक नीचे गिरा है। यूपी में फिलहाल मौसम साफ है, लेकिन सुबह और रात के वक्त कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को सर्दी का एहसास करा रही हैं। फिलहाल घना कोहरा पड़ने के आसार नहीं हैं, लेकिन सर्दी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।
दक्षिण भारत में बारिश की दस्तक
जहां उत्तर भारत ठंड से जूझ रहा है, वहीं दक्षिण के राज्यों में बारिश परेशानी बढ़ा रही है। तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे तक कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
केरल और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। दक्षिण कर्नाटक और अंडमान-निकोबार में भी हल्की बारिश जारी है। वहीं, पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
मौसम का बदला मूड
देश के एक हिस्से में लोग अलाव के पास बैठ रहे हैं, तो दूसरे में छाते और रेनकोट संभाल रहे हैं। सर्दी और बारिश का यह मेल बताता है कि मौसम अब पूरी तरह करवट ले चुका है। आने वाले हफ्ते में तापमान और नीचे जाने की उम्मीद है। सर्दी अब धीरे-धीरे पूरे देश में अपनी पकड़ मजबूत करने जा रही है।
Read More: Gold Price: सोना खरीदने का सुनहरा मौका, कीमतों में आई इतनी गिरावट…







