DELHI BLAST: नई दिल्ली। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण धमाके ने राजधानी ही नहीं, पूरे देश को दहशत में डाल दिया है। अब तक इस धमाके में 12 लोगों की मौत हो चुकी है और कई गंभीर रूप से घायल हैं। कार बम धमाके की जांच के साथ-साथ कार की खरीद-फरोख्त की जटिल चेन की पड़ताल भी तेज़ हो गई है। इसी सिलसिले में गुरुग्राम के रहने वाले दिनेश को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पूछताछ के लिए ले गई पुलिस
DELHI BLAST: सूत्रों के मुताबिक, धमाके में इस्तेमाल की गई कार का पहला मालिक मोहम्मद सलमान था, जो गुरुग्राम के शांति नगर इलाके में दिनेश के घर किरायेदार के रूप में रहता था। दिनेश की मां वीरवती ने बताया कि सोमवार शाम कुछ पुलिसकर्मी अचानक घर पहुंचे और उनके बेटे को पूछताछ के लिए साथ ले गए। परिवार इस कार्रवाई से सदमे में है।
किरायेदार था मोहम्मद सलमान
DELHI BLAST: वीरवती ने बताया कि उन्होंने 2015 में अपना घर बनवाया था और उसी साल सलमान परिवार के साथ किराये पर रहने आया था। वह अपनी पत्नी, दो बच्चों और मां के साथ चार साल तक वहीं रहा, बाद में 2020 में गुरुग्राम में अपने अन्य फ्लैट में शिफ्ट हो गया। परिवार के मुताबिक, सलमान से उनका तब से कोई संपर्क नहीं रहा।
कार लगातार हाथ बदलती रही
DELHI BLAST: जांच में सामने आया कि सलमान ने लगभग डेढ़ साल पहले कार दिल्ली के ओखला निवासी देवेंद्र को बेच दी थी। इसके बाद कार लगातार हाथ बदलती रही—अंबाला के एक व्यक्ति ने खरीदी और फिर जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के रहने वाले तारिक नामक व्यक्ति के हाथों पहुंच गई। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कार आखिर धमाके के स्थान तक कैसे पहुंची और इसके पीछे किसकी भूमिका रही।
एजेंसियों की संयुक्त जांच जारी
DELHI BLAST: दिल्ली पुलिस ने इस मामले में UAPA और विस्फोटक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। केंद्र ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए एनआईए को जांच में शामिल किया है। दोनों एजेंसियां संदिग्धों की गतिविधियों, कॉल रिकॉर्ड, कार के रजिस्ट्रेशन इतिहास और संभावित नेटवर्क की गहरी छानबीन कर रही हैं। जांच टीमें धमाके से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हैं, ताकि इस भयावह हमले के पीछे छिपे असली मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में इस केस में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें…ABU AZMI ON BLAST: नेता अबू आजमी का आतंकियों पर बड़ा हमला, जानिए क्या कहा ?






