Delhi Crime: होली के दिन दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर स्थित जेजे कॉलोनी इलाके में दो परिवारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 26 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद रंग से भरे पानी के गुब्बारे की वजह से शुरू हुआ था। मृतक की पहचान 26 वर्षीय तरुण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
दो परिवारों के बीच कहासुनी
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार को उस समय शुरू हुई जब इलाके के दो परिवारों के बीच कहासुनी हो गई। परिजनों का कहना है कि घर की छत पर होली खेल रही 11 साल की एक लड़की ने नीचे अपने रिश्तेदारों की ओर पानी से भरा गुब्बारा फेंका। गुब्बारा सड़क पर गिरकर फट गया, जिससे पास से गुजर रही दूसरे समुदाय की एक महिला पर रंगीन पानी के छींटे पड़ गए। आरोप है कि इसके बाद महिला ने गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया। हालांकि कुछ समय बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन आरोप है कि बाद में दूसरे परिवार के कुछ लोग इकट्ठा हो गए और रात करीब 11 बजे जब तरुण होली मनाकर घर लौट रहा था, तब उस पर हमला कर दिया।
Delhi Crime: लाठी-डंडों से पीटने का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने तरुण पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि तरुण बजरंग दल से भी जुड़ा हुआ था। घटना के बाद अस्पताल में उसके परिजनों और समर्थकों ने हंगामा भी किया। दो अलग-अलग समुदायों के बीच हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
वहीं मामले में द्वारका की एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस निहारिका भट्ट ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार झगड़ा पानी के गुब्बारे को लेकर शुरू हुआ था। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े… हिंदू रक्षा दल के अक्कू पंडित और दक्ष चौधरी को पुलिस ने क्यों किया गिरफ्तार? जानें क्या है मामला…






