Delhi news: राजधानी दिल्ली के मजलिस पार्क इलाके में रविवार की सुबह एक गंभीर हादसा हुआ। घर में लगी आग को बुझाने के दौरान एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे 13 लोग घायल हो गए। इनमें दमकलकर्मी, पुलिसकर्मी और आसपास मौजूद स्थानीय लोग शामिल हैं।
आग बुझाने के दौरान धमाका
सूचना के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे घर में आग लगने की खबर मिली। आग पर काबू पाने के लिए दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान घर में रखा एलपीजी सिलेंडर अचानक फट गया। धमाके से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सिलेंडर फटने के समय टीम आग बुझाने और निवासियों को सुरक्षित निकालने में लगी थी।
Delhi news: सफदरजंग अस्पताल में भर्ती
घायलों में आदर्श नगर पुलिस थाने के तीन पुलिसकर्मी और वजीरपुर अग्निशमन कार्यालय के तीन अधिकारी शामिल हैं। सभी घायलों को पहले बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल में रिफर कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। दमकल विभाग के प्रयासों से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
पुलिस कर रही है जांच
Delhi news: पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था या एलपीजी सिलेंडर का रिसाव। अधिकारियों ने कहा कि हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
ये भी पढ़े: ‘मन की बात’ में पीएम मोदी का संदेश: एआई समिट में भारत की ताकत बनी सबके लिए मिसाल






