Delhi News: राजधानी दिल्ली के द्वारका क्षेत्र के गोयला डेयरी इलाके से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां 9 वर्षीय एक बच्ची के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
पहले जानें मामला…
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची की मां पास के एक स्कूल में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि बच्ची अक्सर अपनी मां के साथ स्कूल जाती थी। घटना भी स्कूल के आसपास ही हुई बताई जा रही है, जिससे इलाके में डर और चिंता का माहौल बन गया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया। जिसकी उम्र 65 साल बताई जा रही है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों और स्थानीय निवासियों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि कुछ समय के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। मामला उस वक्त और ज्यादा गंभीर हो गया जब पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही और मामले को दबाने के आरोप लगाए। परिवार का कहना है कि पुलिस ने शुरुआत में घटना को गंभीरता से नहीं लिया। इसके साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि मौके पर मौजूद एक युवक, जो घटना का वीडियो बना रहा था, उसके साथ पुलिस द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई।
Delhi News: दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
इन आरोपों के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पुलिस को तत्काल और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और समाज में कानून का भरोसा बना रहे। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को गंभीर कदम उठाने चाहिए।
वहीं, पुलिस की ओर से फिलहाल यह कहा गया है कि मामले की जांच जारी है। सभी आरोपों की निष्पक्ष तरीके से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर से राजधानी में बच्चों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करती है। खासकर स्कूलों और उनके आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं सामने आई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी और सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की आवश्यकता है। फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है। वहीं, स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और प्रशासन से त्वरित व कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।







