Delhi NEWS: भारत ने अपनी जमीनी सैन्य ताकत को नई धार देने की दिशा में एक और निर्णायक कदम उठाया है। रक्षा मंत्रालय ने स्वदेशी इनवार टैंक रोधी मिसाइलों की खरीद के लिए भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (BDL) के साथ 2,095.70 करोड़ रुपये का अनुबंध किया है। यह मिसाइलें भारतीय सेना के सबसे शक्तिशाली टी-90 टैंकों की मारक क्षमता को कई गुना बढ़ा देंगी।
युद्ध रणनीतियों के लिए बेहद जरूरी
Delhi NEWS: इन मिसाइलों की खासियत यह है कि इन्हें टैंक के बैरल से सीधे दागा जा सकता है और ये विस्फोटक प्रतिक्रियाशील कवच (ERA) से लैस दुश्मन टैंकों को भी आर-पार भेदने की क्षमता रखती हैं। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इस सौदे से भारतीय सेना की ‘फायर एंड फॉरगेट’ क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जो आधुनिक जमीनी युद्ध रणनीतियों के लिए बेहद जरूरी है।
देशी उद्योगों को भी मिलेगा प्रोत्साहन
Delhi NEWS: यह अनुबंध ‘खरीदें (भारतीय)’ श्रेणी के तहत किया गया है, जिससे न केवल सेना को अत्याधुनिक मिसाइलें मिलेंगी बल्कि देशी उद्योगों को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। रक्षा सचिव की मौजूदगी में हुए समझौते के दौरान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और BDL प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
500 मिसाइलें खरीदी जाएंगी
Delhi NEWS: इनवार मिसाइल प्रणाली को लेज़र-निर्देशित तकनीक से विकसित किया गया है, जो सटीकता और विश्वसनीयता के लिहाज से इसे दुनिया की उन्नत टैंक रोधी प्रणालियों की श्रेणी में खड़ा करती है। सूत्रों के मुताबिक, इस अनुबंध के तहत लगभग 500 मिसाइलें खरीदी जाएंगी जो आने वाले महीनों में भारतीय सेना की बख्तरबंद रेजिमेंटों को सौंपी जाएंगी।
रक्षा उत्पादन को सशक्त बनाने की दिशा
Delhi NEWS: रक्षा विश्लेषकों का मानना है कि यह सौदा सिर्फ एक खरीद नहीं, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ रक्षा अभियान का प्रतीक है जो भारत को विदेशी हथियारों पर निर्भरता घटाने और अपने रक्षा उत्पादन ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में अग्रसर कर रहा है।
ये भी पढ़े.. DELHI BLAST: आतंकी डॉ. शाहीन सईद के फ्लैट के बाहर मिली ब्रेज़ा कार






