Dhurandhar 2: निर्देशक आदित्य धर की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज सिनेमाघरों में रिलीज होते ही चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। हालांकि, फिल्म के पेड प्रीव्यू बुधवार से ही शुरू हो गए थे, जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर इसके किरदारों और कहानी को लेकर जबरदस्त बहस देखने को मिल रही है। इन सबके बीच जिस किरदार ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं, वह है अतीफ अहमद।
दर्शकों ने की काफी सराहना
फिल्म में दिखाया गया अतीफ अहमद का किरदार उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद रहे अतीक अहमद से प्रेरित माना जा रहा है। इस किरदार को अभिनेता सलीम सिद्दीकी ने पर्दे पर निभाया है और उनकी परफॉर्मेंस को दर्शकों से काफी सराहना मिल रही है। सलीम ने अपने अभिनय के जरिए इस किरदार में ऐसी जान डाल दी है कि दर्शकों को यह पूरी तरह वास्तविक महसूस होता है। फिल्म में अतीफ अहमद को एक प्रभावशाली और खौफनाक माफिया डॉन के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसका राजनीति और अपराध जगत में गहरा प्रभाव दिखाया गया है। कहानी में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि कैसे यह किरदार सत्ता, डर और नेटवर्क के दम पर पूरे सिस्टम को प्रभावित करता है। यही वजह है कि यह रोल न सिर्फ कहानी को मजबूती देता है, बल्कि दर्शकों के मन पर भी गहरी छाप छोड़ता है।

Dhurandhar 2: किरदार की जमकर चर्चा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दर्शक इस किरदार की जमकर चर्चा कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि फिल्म के बाकी हिस्सों से ज्यादा अतीफ अहमद का रोल उन्हें प्रभावित करता है। खास बात यह है कि सलीम सिद्दीकी ने इस किरदार के लिए जिस तरह का लुक और बॉडी लैंग्वेज अपनाई है, वह असली व्यक्तित्व से काफी मेल खाती नजर आती है। यही कारण है कि लोग रील और रियल के बीच अंतर करना मुश्किल बता रहे हैं।
वहीं अगर सलीम सिद्दीकी के करियर पर नजर डालें, तो वह लंबे समय से थिएटर से जुड़े रहे हैं और दिल्ली के एक्टिंग सर्कल में एक जाना-पहचाना नाम हैं। फिल्मों की बात करें तो वह 12वीं फेल, इंडिया लॉकडाउन और रक्षा बंधन जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। हालांकि, धुरंधर: द रिवेंज में उनका यह किरदार उनके करियर का सबसे बड़ा ब्रेक साबित हो सकता है।
ये भी पढ़े… कंगना ने राहुल को कहा ‘टपोरी’ तो चिढ़ गए पप्पू यादव बोले- ‘वो तो खुद चखना और चटनी…’







