BHOPAL NEWS । मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने दिल्ली दंगों के अभियुक्त उमर खालिद के समर्थन में बड़ा बयान दिया है। दिग्विजय ने अपने फेसबुक पोस्ट में उमर खालिद को “बेकसूर” बताते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है। उनके इस बयान से सियासी हलकों में नई बहस छिड़ गई है।
अन्याय का सामना करना पड़ रहा
दिग्विजय सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा कि “उमर खालिद एक पीएचडी स्कॉलर हैं, जिन्हें बिना पर्याप्त सबूतों के जेल में रखा गया है। उन पर लगाए गए राष्ट्रद्रोह जैसे आरोप न्याय के मापदंडों पर खरे नहीं उतरते। उन्हें न्याय नहीं, अन्याय का सामना करना पड़ रहा है।” उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में न्यायिक प्रक्रिया का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए और निर्दोषों को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए।
पाकिस्तान जाकर वहीं डेरा डाल लें- रामेश्वर शर्मा
पूर्व मुख्यमंत्री के इस बयान पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह का रवैया “पाकिस्तानी और विदेशी सोच” जैसा प्रतीत होता है। शर्मा ने व्यंग्य करते हुए कहा, “दिग्विजय सिंह जितनी जल्दी हो सके, पाकिस्तान जाकर वहीं डेरा डाल लें, क्योंकि उनकी भावनाएं बार-बार आतंकवादियों और देश विरोधी तत्वों के प्रति झुकाव दिखाती हैं।”
प्रदेश की राजनीति में नया सियासी संग्राम छिड़
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह हमेशा देश विरोधी बयानों को हवा देते हैं और आतंकवादियों के प्रति सहानुभूति दिखाते हैं। शर्मा ने कहा कि देश की जनता अब ऐसे दोहरे मापदंडों को भलीभांति समझ चुकी है। गौरतलब है कि उमर खालिद को 13 सितंबर 2020 को दिल्ली हिंसा मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन पर यूएपीए (UAPA) सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। अदालत में उनकी जमानत याचिका कई बार खारिज हो चुकी है। दिग्विजय सिंह के बयान और भाजपा विधायक के पलटवार के बाद प्रदेश की राजनीति में नया सियासी संग्राम छिड़ गया है। कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग जारी है, वहीं राजनीतिक पर्यवेक्षक इसे दिग्विजय सिंह की “पुरानी शैली की राजनीति” का हिस्सा बता रहे हैं।







