Floods in Afghanistan: अफगानिस्तान में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान बाढ़, भूस्खलन और बिजली गिरने की घटनाओं में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
कई प्रांतों में भारी नुकसान
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, परवान, दायकुंडी, वारदक और लोगर समेत कई प्रांत इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।
Floods in Afghanistan: घर, सड़क और खेती को नुकसान
बारिश के कारण 147 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि करीब 80 किलोमीटर सड़क बह गई। इसके अलावा 582 एकड़ कृषि भूमि और 31 जल नहरें व सिंचाई नेटवर्क भी प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह शुरुआती आंकड़े हैं और नुकसान का आकलन अभी जारी है।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
प्राधिकरण के प्रवक्ता ने चेतावनी दी है कि जैसे-जैसे और जानकारी सामने आएगी, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। राहत और बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन कई इलाके अब भी प्रभावित हैं।
Floods in Afghanistan: मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है। खासकर पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका है। इससे पहले जनवरी में भी भारी बर्फबारी और बारिश के कारण कम से कम 11 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, कई प्रांतों में घरों, पशुधन और खेती को भारी नुकसान हुआ था।
आजीविका पर पड़ा असर
तूफान और बारिश के कारण कई घर आंशिक रूप से नष्ट हो गए और सैकड़ों पशुओं की मौत हो चुकी है। इससे कृषि पर निर्भर लोगों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है।
Floods in Afghanistan: पिछले साल भी आई थी तबाही
पिछले साल अक्टूबर में भी अचानक आई बाढ़ के कारण काबुल, लगमान और कापिसा जैसे इलाकों में सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए थे। हजारों एकड़ कृषि भूमि बह गई थी और कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
राहत कार्य जारी
स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित इलाकों में मदद पहुंचाने में जुटी हैं। हालांकि खराब मौसम और दुर्गम इलाकों के कारण राहत कार्य में चुनौतियां बनी हुई हैं।
ये भी पढ़े… हाथों में हाथ, दिलों में प्यार, यूपी के दो IPS की प्री-वेडिंग फोटो सोशल मीडिया पर छाईं







