Ghaziabad Crime: गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, यहां घरेलू कलह की आग में एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। पत्नी से हुए विवाद के दौरान सौतेले पिता ने बच्ची को थप्पड़ मार दिया, जो उसके लिए जानलेवा साबित हुआ। फिलहाल, मामले में कार्रवाई कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अब पढ़े क्या है मामला…
दरअसल, दीपक विहार इलाके में रहने वाली नाजो खातून अपने दूसरे पति अनूप कुमार पटेल के साथ रहती थी। अनूप मूल रूप से बिहार के छपरा जिले का निवासी है। करीब एक साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। नाजो की पहली शादी से जन्मी डेढ़ साल की बेटी को लेकर घर में आए दिन तनाव बना रहता था। बताया जा रहा है कि अनूप बच्ची को अपनाने को तैयार नहीं था और इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। इस बीच 14 दिसंबर को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। गुस्से में बेकाबू हुए अनूप ने मासूम बच्ची पर हाथ उठा दिया। एक तेज थप्पड़ लगते ही बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने शुरुआत में इसे सामान्य चोट समझकर गंभीरता नहीं दिखाई, लेकिन कुछ ही देर में बच्ची की हालत ज्यादा खराब हो गई और उसकी मौत हो गई।
Ghaziabad Crime: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा
घटना के अगले दिन मां नाजो खातून ने खोड़ा थाने में मामले की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बाहरी जांच में कोई स्पष्ट चोट नहीं दिखी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, बच्ची की मौत एंटी मॉर्टम इंजरी से हुई थी, यानी किसी कठोर वार से अंदरूनी चोट लगी थी।
मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सौतेले पिता अनूप के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्ची को थप्पड़ मारने की बात स्वीकार कर ली। वहीं मामले में एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Report By: विभु मिश्रा
ये भी पढ़े… डिजिटल सुरक्षा कवच से लैस होगा गाजियाबाद, जनवरी तक लगेंगे 350 नए स्मार्ट कैमरे






