Ghaziabad News: एनसीआर में अपने घर का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की बहुप्रतीक्षित हरनंदीपुरम आवासीय योजना अब तेजी से आकार लेने लगी है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में अहम प्रगति होने के साथ ही यह योजना अब कागजों से निकलकर जमीन पर उतरने की दिशा में बढ़ रही है।
लक्ष्य के तहत लैंड बैंक को मजबूत किया जा रहा
जीडीए के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने भू-अर्जन की समीक्षा करते हुए बताया कि दिल्ली से सटे गाजियाबाद को सुनियोजित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने पर प्राधिकरण का पूरा फोकस है। इसी लक्ष्य के तहत लैंड बैंक को मजबूत किया जा रहा है और हरनंदीपुरम योजना को प्राथमिकता दी गई है। उनका कहना है कि यह योजना आने वाले वर्षों में गाजियाबाद के शहरी विस्तार की एक नई पहचान बनेगी।
Ghaziabad News: 501 हेक्टेयर भूमि का क्रय प्रस्तावित

उपाध्यक्ष के अनुसार हरनंदीपुरम योजना के लिए कुल लगभग 501 हेक्टेयर भूमि का क्रय प्रस्तावित है, जिसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में अब तक करीब 50 हेक्टेयर भूमि का बैनामा आपसी सहमति से जीडीए के पक्ष में संपन्न हो चुका है। इसके साथ ही लगभग 115 हेक्टेयर भूमि की खरीद प्रक्रिया चल रही है, जिसे जल्द पूरा करने के लिए अधिकारियों की रोजाना समीक्षा की जा रही है।
भूमि क्रय की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जीडीए ने किसानों के लिए एक समर्पित वेबसाइट भी लॉन्च की है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को योजना, दरों और बैनामे से जुड़ी पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आपसी विश्वास बढ़ा है और प्रक्रिया में तेजी आई है।
सेटेलाइट सर्वे और टोपोग्राफिकल सर्वे
नंद किशोर कलाल ने बताया कि पहले चरण के तहत सेटेलाइट सर्वे और टोपोग्राफिकल सर्वे सहित योजना का विस्तृत लेआउट अगले तीन महीनों में तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। जीडीए का दावा है कि हरनंदीपुरम योजना एनसीआर में किफायती, सुरक्षित और सुनियोजित आवास की तलाश कर रहे लोगों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगी।
REPORT BY- विभु मिश्रा
ये भी पढ़े… जर्मनी दौरे से उठा सियासी तूफान, देश से मोहब्बत होती तो विदेश में बदनाम न करते : संजय सरावगी







