Ghaziabad News: गाजियाबाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए नगर निगम ने निगरानी तंत्र को बड़े स्तर पर अपग्रेड करने की तैयारी कर ली है। पूरे गाजियाबाद को आधुनिक “डिजिटल निगरानी नेटवर्क” से जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 350 नए हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम जल्द शुरू होने जा रहा है। इस संबंध में वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है और जनवरी तक सभी कैमरे सक्रिय कर दिए जाएंगे।
पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़े जाएंगे कैमरे
इस परियोजना के तहत लगाए जाने वाले सभी कैमरे सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़े जाएंगे, जिससे पूरे शहर की निगरानी एक ही प्लेटफॉर्म से संभव हो सकेगी। नगर निगम और पुलिस विभाग मिलकर इस योजना को लागू कर रहे हैं, ताकि अपराध पर अंकुश लगाने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा को भी मजबूत किया जा सके। नए कैमरे शहर के संवेदनशील और व्यस्त इलाकों में लगाए जाएंगे। इनमें प्रमुख चौराहे, भीड़भाड़ वाले बाजार, आवासीय क्षेत्र और सार्वजनिक पार्क शामिल हैं। इससे पहले नगर निगम 1500 से ज्यादा निजी सीसीटीवी कैमरों को पहले ही कंट्रोल रूम से जोड़ चुका है। ये कैमरे दुकानों, मॉल, प्रतिष्ठानों और घरों के बाहर लगे हैं, जिनकी फुटेज से पुलिस को निगरानी में मदद मिल रही है।
Ghaziabad News: आईटीएमएस से अलग है परियोजना
नगर निगम द्वारा शासन को भेजी गई डीपीआर को स्वीकृति मिलने के बाद अब काम तेजी से आगे बढ़ेगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के अनुसार, सिटी जोन में 26, विजयनगर जोन में 12, कविनगर जोन में 21, मोहननगर जोन में 19 और वसुंधरा जोन में 25 अलग-अलग स्थानों पर नए कैमरे लगाए जाएंगे।
इसके अलावा शहर के कई प्रमुख पार्क भी इस डिजिटल निगरानी योजना के दायरे में लाए जा रहे हैं। हिंडन इको पार्क, साईं उपवन, सुभाष चंद्र बोस पार्क, गीता पार्क, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क, कलाधाम, खजूर वाला पार्क और वसुंधरा सेक्टर-6 स्थित आदर्श पार्क समेत अनेक पार्कों में कैमरे लगाए जाएंगे।
नगरायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह परियोजना आईटीएमएस से अलग है। आईटीएमएस के तहत पहले ही 41 चौराहों पर 800 कैमरे लगाए जा चुके हैं। जनवरी से ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम पूरी तरह लागू होगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कैमरों के जरिए सीधे कार्रवाई की जाएगी।
Report By: विभु मिश्रा
ये भी पढ़े… नीले ड्रम से फैशन तक: राखी सावंत का स्टंट Meerut के जख्मों पर ताजा नमक






