Ghaziabad News: साहिबाबाद के ट्रांस हिंडन जोन में बीते दिनों से स्कूली छात्राओं के लापता होने के चार अलग-अलग मामले सामने आने के बाद क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल बन गया है। सभी लापता छात्राएं 8वीं और 10वीं कक्षा में पढ़ती हैं और अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गायब हुई हैं। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने सभी मामलों में गुमशुदगी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली तीन छात्राएं लापता
सबसे ताजा मामला लिंक रोड थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक ही सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 8वीं कक्षा की तीन छात्राएं एक साथ लापता हो गईं। जानकारी के अनुसार, तीनों छात्राएं 7 फरवरी की सुबह करीब 9:30 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं। स्कूल की छुट्टी के बाद दो छात्राएं अपनी एक सहेली के घर पहुंचीं, जहां उन्होंने कपड़े बदले और इसके बाद घर जाने की बात कहकर बाहर निकल गईं। इसके बाद वे अपने घर नहीं पहुंचीं। वहीं, तीसरी छात्रा भी शाम तक घर वापस नहीं लौटी, जिससे परिजनों को चिंता हुई। काफी देर तक छात्राओं के घर न लौटने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। देर शाम सभी परिजनों ने लिंक रोड थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जबकि दूसरा मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का है, जहां 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय किशोरी 6 फरवरी की दोपहर करीब दो बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। इसके अलावा खोडा थाना क्षेत्र से भी एक किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। यहां 14 वर्षीय किशोरी बीते 27 जनवरी से गायब है। परिजनों ने पहले रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। लगातार सामने आ रहे इन मामलों से ट्रांस हिंडन क्षेत्र में अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोग छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Ghaziabad News: पुलिस ने लोगों से की अपील
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि सभी मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। लापता छात्राओं के स्कूल जाने और लौटने के रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा संभावित स्थानों पर विशेष सर्विलांस टीम भी लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही छात्राओं का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को छात्राओं के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
Report By: विभु मिश्रा
ये भी पढ़े… UP की गोशालाओं को ‘कैटल फूड सिक्योरिटी’ हब के रूप में विकसित करेगी Yogi सरकार







