Ghaziabad News: खुद को बड़े अस्पतालों का डॉक्टर बताकर मेडिकल स्टोरों से महंगी दवाइयां मंगाने और फर्जी चेक देकर फरार हो जाने वाले गिरोह का गाजियाबाद पुलिस ने खुलासा किया है। स्वॉट टीम और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से पुलिस ने लाखों की ठगी की महंगी दवाइयां, काफी संख्या में सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
अब जानें मामला…
मामले में एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि आरोपी फोन पर खुद को नामी अस्पतालों का डॉक्टर, एचओडी या वरिष्ठ मेडिकल स्टाफ बताते थे। भरोसा जमाने के लिए बड़े अस्पतालों का नाम लेते और तत्काल दवाइयों की डिलीवरी की मांग करते थे। दवाइयां मिलने के बाद मेडिकल स्टोर संचालक को फर्जी चेक दे देते थे। जब तक दुकानदार को बाउंस होने के बाद चेक के फर्जी होने का पता चलता तब तक ये उस शहर को छोड़कर नौ दो ग्यारह हो जाते थे। एडीसीपी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ये गिरोह कोतवाली थाना क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन के पास मालगोदाम रोड से चारों आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकेश तनेजा, अमित खुराना, दीप सिंह चुग और मुकेश अखरिया उर्फ सुंदर के रूप में हुई है। मुकेश तनेजा गिरोह का सरगना है। ये पहले भी दिल्ली के रोहिणी इलाके से इसी तरह की ठगी के मामले में जेल जा चुका है।

Ghaziabad News: संपर्क कर ठगी करते थे
पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 से ज्यादा महंगी दवाइयां, बड़ी संख्या में सिम कार्ड और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ये गिरोह हर शहर में अलग सिम कार्ड बदलकर अपनी पहचान छिपाते हुए ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। एडीसीपी के मुताबिक, गिरोह के सदस्य इंडिया मार्ट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से फार्मेसियों के नंबर जुटाते थे और फिर उनसे संपर्क कर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि ये गिरोह अब तक दिल्ली-एनसीआर के अलावा जयपुर, सूरत, अहमदाबाद और भोपाल समेत अलग-अलग राज्यों के कई शहरों में 50 से ज्यादा मेडिकल स्टोरों से करोड़ों रुपये की दवाइयों की ठगी कर चुका है। एडीसीपी ने बताया कि कोतवाली और सिहानी गेट थाने में भी इस गिरोह के खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। साथ ही बरामद दवाइयों की सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े… मुरादाबाद से सामने आया लव जिहाद का मामला, इंस्टाग्राम पर नाम बदलकर की दोस्ती फिर धर्म परिवर्तन का दबाव







