Giriraj Singh on AAP: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पार्टी ने देश का माहौल खराब करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है। यह बयान उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज द्वारा दिल्ली के प्रदूषण को लेकर पोस्ट किए गए एक वीडियो के संदर्भ में दिया, जिसमें सांता क्लॉज की वेशभूषा में एक व्यक्ति बेहोश होता दिखाई देता है।
“धर्म का मजाक बनाना राजनीति नहीं”
बेगूसराय में मीडिया से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी और तथाकथित इंडी गठबंधन का रवैया ऐसा है, मानो वे भारत के नागरिक न होकर किसी दूसरे देश के प्रतिनिधि हों। उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेताओं ने धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल कर मजाक उड़ाया, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा, “कल जो वीडियो बनाया गया, उसमें सांता क्लॉज का रूप धारण कर बेहोश होने का नाटक किया गया। यह सीधे तौर पर एक धर्म का अपमान है। आम आदमी पार्टी ने देश में सौहार्द बिगाड़ने का काम किया है।”
Giriraj Singh on AAP: पंजाब में चुप, बाकी राज्यों पर सवाल
गिरिराज सिंह ने आप पर दोहरे मापदंड अपनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब पार्टी सत्ता में नहीं होती, तब दूसरे राज्यों की हवा और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाती है, लेकिन पंजाब में सरकार होने के बावजूद वहां के प्रदूषण और समस्याओं पर चुप्पी साधे रहती है।
वीर बाल दिवस पर कांग्रेस पर भी निशाना
वीर बाल दिवस के मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 14 नवंबर को बाल दिवस इसलिए मनाती थी क्योंकि वह पूर्व प्रधानमंत्री का जन्मदिन था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित कर साहिबजादों के बलिदान को राष्ट्रीय पहचान दी।
उन्होंने कहा कि “गुरु गोबिंद सिंह जी केवल सिखों के गुरु नहीं थे, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उनके चारों साहिबजादों ने धर्म परिवर्तन से इनकार कर शहादत दी। यह दिन हर भारतीय को साहस और बलिदान की प्रेरणा देता है।”
स्कूलों तक पहुंचेगा साहिबजादों का संदेश
गिरिराज सिंह ने कहा कि वीर बाल दिवस को गुरुद्वारों तक सीमित न रखकर स्कूलों में मनाया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी साहिबजादों के बलिदान से प्रेरणा ले सके।
ये भी पढ़े… बागपत में मोहब्बत का खौफनाक अंत: सिरफिरे आशिक का कहर खूनी निकला मिस्ड कॉल वाला ‘इश्क’







