GST Collection 2026: बजट 2026 से पहले सरकार ने जनवरी 2026 के लिए जीएसटी संग्रह के आंकड़े पेश किए हैं। जनवरी में सकल जीएसटी संग्रह 1.93 लाख करोड़ रुपए रहा, जो सालाना आधार पर 6.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है। इसके पहले जनवरी 2025 में जीएसटी संग्रह 1.82 लाख करोड़ रुपए था।

शुद्ध जीएसटी संग्रह 1.70 लाख करोड़
सरकार की जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 तक सकल जीएसटी संग्रह 18.43 लाख करोड़ रुपए रहा, जिसमें सालाना आधार पर 8.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
जनवरी में शुद्ध जीएसटी संग्रह 1.70 लाख करोड़ रुपए रहा। इसमें पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 7.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत से अब तक, शुद्ध जीएसटी संग्रह 15.95 लाख करोड़ रुपए रहा, जिसमें सालाना आधार पर 6.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
GST Collection 2026: जनवरी रिफंड में मिश्रित रुझान
जनवरी में जीएसटी रिफंड में मिश्रित रुझान देखने को मिला। कुल रिफंड 22,665 करोड़ रुपए रहा, जिसमें सालाना आधार पर 3.1 प्रतिशत की कमी आई। घरेलू रिफंड 13,119 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल की तुलना में 7.1 प्रतिशत कम हुआ। वहीं, निर्यात रिफंड 9,546 करोड़ रुपए रहा, जिसमें सालाना आधार पर 2.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

बजट 2026 में उद्योग और निर्यात पर ध्यान
दिसंबर 2025 में जीएसटी संग्रह 1,64,556 करोड़ रुपए था, जो बढ़कर जनवरी में 1,74,550 करोड़ रुपए हो गया। इस दौरान केंद्रीय जीएसटी 34,289 करोड़, राज्य जीएसटी 41,368 करोड़ और एकीकृत जीएसटी 98,894 करोड़ रुपए रहा। यह आंकड़े देश में आर्थिक गतिविधियों में बढ़ोतरी को दर्शाते हैं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में बजट 2026 पेश करेंगी। इस बजट को पेश करने का समय ऐसा है, जब वैश्विक आर्थिक हालात कठिन हैं और कई सेक्टर टैरिफ से प्रभावित हैं। इस कारण, बजट 2026 में बाजार का ध्यान इंडस्ट्री और निर्यात से जुड़े ऐलान पर रहेगा।
ये भी पढ़ें…आर्थिक त्यौहार 2026: संसद में तय होगा आम आदमी से लेकर भारत 2047 तक का सफर







