Haldia Politics News: हावड़ा में राजनीतिक गलियारों में अक्सर किसी न किसी नेता के पार्टी छोड़ने या दल बदल की खबरें सुनने को मिलती रहती हैं। इसी कड़ी में सीपीआई(एम) की नेता और एसएफआई की अखिल भारतीय संयुक्त सचिव दीप्सिता धर का नाम भी चर्चा में आया। लेकिन दीप्सिता ने खुद इन सभी अटकलों को पूरी तरह खारिज किया है।
दीप्सिता ने अफवाहों को किया खारिज
गुरुवार को बाली निश्चिंदा, हावड़ा स्थित अपने घर पर पत्रकारों से बातचीत में दीप्सिता ने कहा कि यह सब बातें केवल अफवाहें हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी सदस्यता का नवीनीकरण (रिन्यूअल) मार्च महीने तक किया जा सकता है। ऐसे में यह जानकर हैरानी होती है कि कौन या किन लोगों ने ऐसी अफवाहें फैलाई।

इस दौरान मीडिया ने युवा सीपीआई(एम) नेता प्रतीक उर रहमान से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई। दीप्सिता धर ने कहा, “यह पहली बार है जब मैं सुन रही हूं कि मैं पार्टी छोड़ रही हूं। ऐसी कोई संभावना नहीं है।”
Haldia Politics News: 31 मार्च तक सदस्यता नवीनीकरण संभव
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने अपनी पार्टी सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है, तो उन्होंने जवाब दिया, “यह पूरी तरह पार्टी का आंतरिक मामला है। यह मीडिया तक कैसे पहुंचा, मुझे समझ नहीं आ रहा। मैं हाल ही में विदेश में थी और कुछ दिन पहले ही भारत लौटी हूं। मेरी सदस्यता दिल्ली में है और रिन्यूअल की आखिरी तारीख 31 मार्च है। अभी भी लगभग डेढ़ महीने का समय बाकी है। ऐसे में अभी से इस मुद्दे पर चर्चा क्यों हो रही है, मुझे समझ नहीं आता।”
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि प्रतीक उर रहमान के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध बहुत अच्छे हैं। लेकिन पार्टी सचिव को पत्र लिखने या प्रतीक उर रहमान के हालिया बयानों को लेकर उनके बीच कोई बातचीत नहीं हुई है।
Report By: Pijush






