Hapur News: हापुड़ एसटीएफ को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी जब मेरठ और शामली जनपदों के चार अन्तर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को 2 कुन्तल 24 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है।
क्या-क्या सामान किया बरामद
एसटीएफ फील्ड इकाई मेरठ ने यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की। जानकारी के अनुसार, टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा लेकर कुछ तस्कर मेरठ की ओर आ रहे हैं। इसके बाद हापुड़-किठौर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी में दो कारें -निसान किक्स (UP-15 CW 7860) और स्कॉर्पियो N (DL-12 CY 1364) से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। साथ ही चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

Hapur News: आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज पुत्र मनोज (ग्राम पबला, मेरठ), अमजद पुत्र असरफ (इंचौली, मेरठ), राहुल कुमार पुत्र जयविन्द्र (बीटा, मेरठ), और खुशनुद खान पुत्र अल्लारक्खा खान (बुटराडा, शामली) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के तस्कर विश्वजीत से 4000 रुपये प्रति किलो के हिसाब से गांजा खरीदते थे और उसे मुजफ्फरनगर जिले के ग्राम खोखनी में ग्राम प्रधान फरमान के बताए स्थान पर पहुँचाते थे जहाँ आगे 8 से 10 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से यह माल बेचा जाता था। गिरफ्तार अभियुक्तों में अनुज मेरठ के गंगानगर स्थित गीतांजलि ओयो होटल का संचालक है जबकि अमजद की जैदी ई-रिक्शा एंड बैटरी एजेंसी है। राहुल किसान है और खुशद ट्रक चालक के रूप में काम करता है। सभी आरोपी अवैध लाभ के लोभ में इस कारोबार से जुड़े थे। इस मामले में अभियुक्तों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई हापुड़ देहात पुलिस द्वारा की जा रही है।







