Hapur Wife Murder Case: बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर रुस्तमपुर में हुई रीता शर्मा की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि इस जघन्य हत्याकांड की साजिश किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि मृतका के पति राहुल शर्मा ने ही रची थी। रिश्तों को शर्मसार करने वाले इस मामले में आरोपी पति ने पत्नी की हत्या को लूटपाट का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।
लूटपाट की झूठी कहानी गढ़ी
ASP हापुड़ विनीत भटनागर के अनुसार, 2 फरवरी की रात राहुल शर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी कि अज्ञात बदमाश घर में घुसकर लूटपाट कर उसकी पत्नी की हत्या कर गए। सूचना के बाद पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई।
Hapur Wife Murder Case: ‘फोर्स्ड एंट्री’ न मिलने से गहराया शक
घटनास्थल की जांच में घर में जबरन घुसने के कोई निशान नहीं मिले, जिससे पुलिस का शक राहुल शर्मा पर गहराने लगा। फॉरेंसिक जांच और घटनाक्रम की कड़ियों ने यह साफ कर दिया कि हत्या पूर्व नियोजित थी और इसमें पति की भूमिका संदिग्ध है।
Hapur Wife Murder Case: कर्जदार मजदूरों से कराई हत्या
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि राहुल ने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले दो मजदूरों शेर अली और फिरोज को पत्नी की हत्या के लिए तैयार किया था। उसने दोनों का करीब 60 हजार रुपये का कर्ज माफ करने और अतिरिक्त पैसे देने का लालच दिया। वारदात के समय राहुल जानबूझकर पास के एक शादी समारोह में गया और वहां फोटो खिंचवाकर अपनी मौजूदगी का सबूत तैयार किया।
बीमारी के खर्च से परेशान था आरोपी पति
Hapur Wife Murder Case: पुलिस के मुताबिक, रीता शर्मा लंबे समय से बीमार थी और उसके इलाज पर हो रहे खर्च से राहुल मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान था। घरेलू विवाद और तनाव से छुटकारा पाने के लिए उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी पति सहित तीनों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सने कपड़े और लूटे गए जेवर बरामद कर लिए हैं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में भाजपा सरकार के एक साल पूरे, जनता के बीच पेश होगा रिपोर्ट कार्ड







