Haridwar News: उत्तराखंड के हरिद्वार से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सात जन्मों का साथ निभाने का वादा करने वाले पति ने ही अपनी पत्नी की जान ले ली। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना ने सनसनी फैला दी है। यहां एक शख्स ने अपनी बीमार पत्नी को धोखे से जहर (सल्फास) पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पति ने महिला को यह झांसा दिया कि वह उसके लिए एक ‘चमत्कारी दवा’ लाया है जिससे उसकी बीमारी तुरंत ठीक हो जाएगी।
Haridwar News: 20 साल का रिश्ता और सालों का टॉर्चर
मृतका की पहचान हसरूबा के रूप में हुई है, जिसकी शादी 20 साल पहले मिर्जापुर मुस्तफाबाद के रहने वाले अफजाल से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अफजाल उसे छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित करता था। पिछले एक साल से जब हसरूबा की तबीयत बिगड़ी, तो पति की बेरहमी और बढ़ गई। सेवा करने के बजाय वह उसे मानसिक और शारीरिक रूप से और ज्यादा परेशान करने लगा।
Haridwar News: असरदार दवा के बहाने पिला दिया ‘सल्फास’
घटना 24 जनवरी की है। आरोपी अफजाल ने एक घातक साजिश रची। उसने हसरूबा को विश्वास में लेकर कहा कि वह उसके स्वास्थ्य में सुधार के लिए एक खास घोल लाया है। पति पर भरोसा कर हसरूबा ने वह पानी पी लिया, जिसमें अफजाल ने पहले ही सल्फास की दो गोलियां घोल दी थीं। जहर शरीर में फैलते ही महिला की हालत बिगड़ने लगी। उसे आनन-फानन में ऋषिकेश एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मौत से पहले खुला राज: मजिस्ट्रेट के सामने बयान
हसरूबा को अपनी मौत का आभास हो गया था, इसलिए उसने मरते-मरते अपने साथ हुए अन्याय का पर्दाफाश कर दिया। रुड़की के नायब तहसीलदार के समक्ष दिए गए अपने ‘मृत्यु पूर्व बयान’ (Dying Declaration) में उसने साफ कहा कि उसके पति ने ही उसे दवा के बहाने जहर दिया है। कानून की नजर में यह बयान आरोपी को सजा दिलाने के लिए सबसे अहम सबूत माना जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
मृतका के भाई अनीश की शिकायत और हसरूबा के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि अफजाल ने जहर कहां से खरीदा था और क्या इस हत्या में उसके साथ कोई और भी शामिल था। फिलहाल, इस घटना के बाद से इलाके में मातम और गुस्से का माहौल है।
यह भी पढ़े…इंस्टाग्राम रील स्टार को ‘I Love You’ बोलना हेड कांस्टेबल को पड़ा भारी







