ICC T20 World Cup: आईसीसी टूर्नामेंट में भारत और इंग्लैंड की प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर है। दोनों टीमें अब पांचवीं बार सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। अब तक खेले गए चार मुकाबलों में दोनों ने दो-दो जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि जब भी भारत ने इंग्लैंड को सेमीफाइनल में हराया, टीम आगे चलकर ट्रॉफी जीतने में सफल रही।
1983: जहां से शुरू हुआ सुनहरा सफर
1983 क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत ने मेजबान इंग्लैंड को हराकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई। कप्तान कपिल देव की अगुआई में टीम ने 213 रन के लक्ष्य को पार किया। इसके बाद फाइनल में वेस्टइंडीज को हराकर भारत ने ऐतिहासिक खिताब जीता।
ICC T20 World Cup: 1987: इंग्लैंड ने लिया बदला
1987 क्रिकेट विश्व कप में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर इंग्लैंड ने भारत को 35 रन से हराया। ग्राहम गूच की 115 रन की पारी मैच का टर्निंग पॉइंट बनी और भारत का घरेलू जमीन पर खिताब जीतने का सपना टूट गया।
2022: 10 विकेट की करारी हार
2022 आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराया। जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की विस्फोटक साझेदारी के सामने भारत का 168 रन का स्कोर छोटा साबित हुआ।
ICC T20 World Cup: 2024: भारत ने बराबर किया हिसाब
2024 आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में कप्तान रोहित शर्मा की अगुआई में भारत ने 68 रन से जीत दर्ज की। अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी ने इंग्लैंड को 103 रन पर समेट दिया। बाद में भारत ने फाइनल जीतकर ट्रॉफी भी अपने नाम की।
लगातार तीसरी भिड़ंत
टी-20 वर्ल्ड कप में यह लगातार तीसरी बार होगा जब दोनों टीमें सेमीफाइनल में टकराएंगी। 2022 में इंग्लैंड जीता, 2024 में भारत ने जवाब दिया। अब 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाला मुकाबला तय करेगा कि इस बराबरी की जंग में कौन बढ़त लेता है। इतिहास बताता है कि भारत के लिए इंग्लैंड पर सेमीफाइनल जीत अक्सर खिताबी खुशी लेकर आई है। ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि ट्रॉफी की दिशा तय करने वाला संघर्ष माना जा रहा है।
ये भी पढ़े… मिडिल ईस्ट में हलचल, पीएम मोदी की ताबड़तोड़ कूटनीति- कतर-ओमान-कुवैत से सीधी बात






