India US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते पर देश की सियासत और अर्थव्यवस्था दोनों में हलचल तेज है। 18 प्रतिशत टैरिफ पर सहमति बनने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने इस डील को भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों के लिए नया अध्याय बताया है।
राजनाथ सिंह बोले– आर्थिक सहयोग का नया दौर शुरू
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को गहरे और व्यापक आर्थिक सहयोग की दिशा में बड़ा कदम करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि यह भारत-अमेरिका संबंधों के लिए ऐतिहासिक क्षण है। राजनाथ सिंह ने कहा कि टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत होने से दोनों देशों के बीच व्यापार को नई गति मिलेगी और रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी। उन्होंने इस समझौते के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी।
India US Trade Deal: अमित शाह ने बताया मजबूत व्यापार रिश्तों की नींव
गृह मंत्री अमित शाह ने इस समझौते को भारत-अमेरिका संबंधों के लिए बड़ा दिन बताया। उन्होंने कहा कि कम टैरिफ दर पर ट्रेड डील फाइनल होने से दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्ते और मजबूत होंगे तथा आपसी विकास का रास्ता खुलेगा। अमित शाह ने इसे रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने वाला फैसला बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की सराहना की।
‘मेड इन इंडिया’ के लिए बड़ी राहत: निर्मला सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह समझौता ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों के लिए अच्छी खबर है। अब भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैरिफ लगेगा, जिससे निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसे दो बड़े लोकतंत्रों के लोगों के लिए फायदेमंद बताते हुए नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री मोदी और डोनाल्ड ट्रंप का आभार जताया।
India US Trade Deal: वैश्विक साझेदारी का मजबूत संकेत: किरेन रिजिजू
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार साझेदारी आपसी विश्वास और अवसरों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों, युवाओं, उद्योगों और नागरिकों को सीधा लाभ होगा। उन्होंने भारत और अमेरिका को साझा मूल्यों वाले स्वाभाविक साझेदार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका लगातार मजबूत हो रही है।
नितिन नवीन बोले– आत्मनिर्भर भारत को मिलेगी नई ऊर्जा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस डील को भारत-अमेरिका संबंधों में बड़ी प्रगति बताया। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और ‘आत्मनिर्भर भारत’ व ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूती मिलेगी। उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच प्रगाढ़ होते रिश्तों का असर दूरगामी और सकारात्मक होगा।
क्यों अहम है यह ट्रेड डील
विशेषज्ञों के मुताबिक 18 प्रतिशत टैरिफ पर बनी यह सहमति भारत के निर्यात, निवेश और रोजगार के लिए बड़ा अवसर बन सकती है। साथ ही यह भारत-अमेरिका रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने वाला कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़े…रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग की साजिश सामने आई







