Indian Stock Market: मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत लगभग स्थिर रही। शुरुआती कारोबार में न तो कोई बड़ी तेजी दिखी और न ही भारी गिरावट। सुबह 9 बजकर 21 मिनट पर सेंसेक्स 21 अंकों की हल्की गिरावट के साथ 82,605 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 2 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 25,473 पर बना हुआ था।

फार्मा-हेल्थकेयर बने बाजार का सहारा
शुरुआती सत्र में फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों ने बाजार को संभालने का काम किया। निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले सेक्टर रहे। इनके अलावा रियल्टी, एनर्जी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, प्राइवेट बैंक और पीएसई सेक्टर के शेयरों में भी हल्की मजबूती देखने को मिली।
हालांकि दूसरी ओर कुछ सेक्टरों में दबाव साफ नजर आया। मीडिया, पीएसयू बैंक, मेटल, आईटी, फाइनेंशियल सर्विसेज, कमोडिटीज, सर्विसेज और इंडिया डिफेंस इंडेक्स लाल निशान में कारोबार करते दिखे, जिससे बाजार की तेजी सीमित रही।
Indian Stock Market: सेंसेक्स शेयरों में मिला-जुला रुख
सेंसेक्स में शामिल शेयरों की बात करें तो पावर ग्रिड, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी, आईटीसी, इटरनल, कोटक महिंद्रा बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक और भारती एयरटेल में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। वहीं इन्फोसिस, एसबीआई, टेक महिंद्रा, एचयूएल, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, टीसीएस, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस और ट्रेंट के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

मिडकैप-स्मॉलकैप में दिखी कमजोरी
लार्जकैप शेयरों के मुकाबले मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में कमजोरी ज्यादा देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 203 अंकों यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,234 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 79 अंकों या 0.47 प्रतिशत टूटकर 16,953 पर कारोबार कर रहा था।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों से भी मिले-जुले संकेत मिले। एशियाई बाजारों में टोक्यो और बैंकॉक के शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले, जबकि हांगकांग का बाजार भी कमजोरी के दबाव में रहा। अमेरिकी शेयर बाजारों में शुक्रवार को मिला-जुला रुख देखने को मिला था, जहां डाओ जोंस हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि नैस्डैक में गिरावट दर्ज की गई।
सोना-चांदी में तेज गिरावट
कमोडिटी बाजार की बात करें तो कच्चे तेल की कीमतों में हल्की तेजी बनी हुई है। खबर लिखे जाने तक ब्रेंट क्रूड 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 67.80 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.09 प्रतिशत की तेजी के साथ 62.80 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
वहीं कीमती धातुओं में दबाव देखने को मिला। सोने की कीमत 0.80 प्रतिशत गिरकर 5,002 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि चांदी में ज्यादा गिरावट दर्ज की गई और यह 3.61 प्रतिशत टूटकर 75.11 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।






