Indonesia: ऑस्ट्रेलिया के बाद अब इंडोनेशिया भी बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाने जा रहा है। इंडोनेशिया सरकार ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाने पर रोक लगाने का फैसला किया है। डिजिटल मामलों की मंत्री मेउत्या हफीद ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में एक सरकारी नियम पर साइन कर दिए हैं। इसके तहत 16 साल से कम उम्र के बच्चे अब यूट्यूब, टिकटॉक, फेसबुक, इंस्टाग्राम, थ्रेड्स, एक्स, बीगो लाइव और रॉब्लॉक्स जैसे हाई-रिस्क डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अकाउंट नहीं बना सकेंगे। यह नियम 28 मार्च से चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर लिया गया फैसला
मंत्री मेउत्या हफीद ने कहा कि यह कदम बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने के लिए उठाया गया है। उनके मुताबिक आज के समय में बच्चे इंटरनेट पर कई तरह के जोखिमों का सामना कर रहे हैं, जिनमें पोर्नोग्राफी, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल एडिक्शन जैसी समस्याएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए डिजिटल स्पेस में सख्त कदम उठा रही है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि शुरुआत में इस नियम को लागू करने में कुछ चुनौतियां आ सकती हैं और बच्चों के साथ-साथ माता-पिता भी इस बदलाव को लेकर उलझन में पड़ सकते हैं।
Indonesia: साउथ-ईस्ट एशिया का पहला देश बनेगा इंडोनेशिया
इस नए नियम के लागू होने के बाद इंडोनेशिया साउथ-ईस्ट एशिया का पहला देश बन जाएगा, जहां 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाना प्रतिबंधित होगा।
दुनिया के कई देश कर रहे हैं ऐसी तैयारी
Indonesia: इंडोनेशिया से पहले ऑस्ट्रेलिया ने भी 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन का कानून लागू किया था। दिसंबर में लागू हुए इस कानून के बाद करीब 47 लाख अकाउंट्स डिलीट किए जा चुके हैं। यूरोपियन यूनियन भी इस दिशा में काम कर रहा है। ब्रसेल्स में एक्सपर्ट ग्रुप बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर सख्ती से जुड़े नियमों पर विचार कर रहा है। वहीं फ्रांस, डेनमार्क, ग्रीस और स्पेन जैसे देशों में भी कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन की मांग उठ रही है। भारत में भी लंबे समय से नाबालिगों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर सख्त नियम बनाने की मांग की जा रही है।
यह भी पढे़: धरती का स्वर्ग कश्मीर में गर्मी और सूखे की मार, मार्च में ही बढ़ा पारा






