IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन यानी आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत में विराट कोहली और देवदत्त पड्डिकल की शानदार अर्धशतकीय पारियों के साथ तेज गेंदबाज जैकब डफी का भी बड़ा योगदान रहा।
जैकब डफी का यह आईपीएल में पहला मैच था और अपने डेब्यू मुकाबले में ही उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम कर लिया।

डेब्यू मैच में डफी की घातक गेंदबाजी
जैकब डफी ने चार ओवर के अपने स्पेल में सिर्फ 22 रन खर्च किए और तीन अहम विकेट झटके। उन्होंने ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और नितीश रेड्डी जैसे महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद की टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी को झटका दिया। उनके इस प्रदर्शन ने मैच का रुख बदलने में अहम भूमिका निभाई।
IPL 2026: मैच के बाद डफी ने क्या कहा
मैच खत्म होने के बाद डफी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा,“मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। मैंने बैंगलोर शहर और आरसीबी टीम के बारे में पहले से ही कई अच्छी बातें सुनी थीं। इस तरह से अभियान की शुरुआत करना शानदार अनुभव है। फिलहाल मैं सिर्फ उस बड़े खिलाड़ी की जगह संभाल रहा हूं, जो हेजलवुड हैं।
हमने यह समझ लिया है कि बैंगलोर में नई गेंद थोड़ी मदद करती है। टीम में अक्सर यहां की परिस्थितियों और पिच के बारे में चर्चा होती रहती है कि यहां क्या चीजें काम करती हैं। यह पिच थोड़ी अलग है। पिछले कुछ महीनों में मैंने यहां इतनी उछाल वाली पिच नहीं देखी थी। जब गेंद नई और सख्त होती है, तब यहां गेंदबाजी करने का सबसे अच्छा मौका मिलता है।”

ऐसा रहा मैच का हाल
अगर मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की। टीम ने ईशान किशन के 80 और अनिकेत वर्मा के 43 रनों की मदद से 9 विकेट खोकर 201 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15.4 ओवर में ही मैच खत्म कर दिया। विराट कोहली ने 38 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए, जबकि देवदत्त पड्डिकल ने 61 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इन पारियों की बदौलत आरसीबी ने 4 विकेट खोकर 203 रन बनाते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की।
IPL 2026: विराट की पारी की हुई जमकर तारीफ
मैच के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन और आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार दोनों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली की 38 गेंदों में खेली गई नाबाद 69 रनों की शानदार पारी की जमकर सराहना की।
यह भी पढ़े : आईपीएल 19 का धमाकेदार आगाज: बेंगलुरु ने हैदराबाद को 6 विकेट से हराया







