Iran crisis: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव अब खुली चेतावनियों तक पहुंच गया है। ईरान के अंग्रेजी अखबार तेहरान टाइम्स ने अपने पहले पन्ने पर “नरक में आपका स्वागत है” जैसी सख्त हेडलाइन के साथ अमेरिका को सीधी धमकी दी है। अखबार में कहा गया है कि अगर कोई भी अमेरिकी सैनिक ईरान की जमीन पर कदम रखता है, तो वह जिंदा वापस नहीं लौटेगा।
अमेरिका की सैन्य तैयारी तेज
यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है जब अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका मध्य पूर्व में करीब 10,000 अतिरिक्त सैनिक भेजने की तैयारी कर रहा है। माना जा रहा है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ जमीनी अभियान के विकल्पों पर भी गंभीरता से विचार कर रहा है।
Iran crisis: ट्रम्प का बयान और रणनीति
हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प बार-बार यह कहते रहे हैं कि उनका ईरान के साथ जमीनी युद्ध का कोई इरादा नहीं है और वे कूटनीतिक समाधान चाहते हैं। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेना की यह संभावित तैनाती उन्हें सैन्य विकल्पों को मजबूत करने का मौका दे सकती है।
Iran crisis: ईरान की पलटवार की चेतावनी
बताया जा रहा है कि ये अतिरिक्त सैनिक पहले से तैनात पैराट्रूपर्स और मरीन के साथ मिलकर काम करेंगे। वहीं, ईरान की तरफ से भी सख्त प्रतिक्रिया के संकेत मिले हैं। एक ईरानी अधिकारी के मुताबिक, अगर अमेरिका जमीनी हमला करता है तो ईरान यमन में अपने हूती सहयोगियों को सक्रिय कर सकता है, जिससे लाल सागर में जहाजों पर हमले फिर शुरू हो सकते हैं।
कहां हो सकती है तैनाती
Iran crisis: रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि अमेरिकी सैनिकों की तैनाती ईरान के तट के पास या खारग द्वीप के आसपास हो सकती है, जो ईरान का एक अहम तेल निर्यात केंद्र है। हालांकि, इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़े: इंडोनेशिया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर लगाया बैन







