Israel Iran Conflict: इजरायल ने दावा किया है कि उसने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना के कमांडर अलीरेजा तंगसीरी को मार गिराया है। इस बारे में जानकारी इजरायली मीडिया के माध्यम से सामने आई है।इजरायल के अखबार की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक इजरायली अधिकारी ने बताया कि बंदर अब्बास शहर पर किए गए हमलों के दौरान अलीरेजा तंगसीरी की मौत हो गई। हालांकि इस दावे की अब तक ईरान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

हाल के दिनों में चर्चा में थे तंगसीरी
पिछले कुछ दिनों से अलीरेजा तंगसीरी का नाम लगातार चर्चा में रहा है। वे आईआरजीसी की नौसेना के प्रमुख थे और ईरान की समुद्री सैन्य रणनीति में उनका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता था। खासतौर पर होर्मुज क्षेत्र में जहाजों की निगरानी और सैन्य गतिविधियों में उनकी अहम भूमिका रही है।
Israel Iran Conflict: युद्ध अनुभव से बने बड़े कमांडर
दक्षिणी ईरान के बुशहर प्रांत में जन्मे तंगसीरी ने ईरान-इराक युद्ध और 1980 के दशक में हुए तथाकथित टैंकर युद्ध में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी। इसके बाद वे आईआरजीसी की नौसेना का हिस्सा बने और धीरे-धीरे बड़ी जिम्मेदारियां संभालते गए।
अलीरेजा तंगसीरी ने बंदर अब्बास में आईआरजीसी नौसेना के पहले नौसैनिक जिले की कमान संभाली। इसके बाद वर्ष 2010 से 2018 तक वे उप कमांडर के पद पर रहे। बाद में उन्हें पूरी नौसेना का प्रमुख बना दिया गया।

Israel Iran Conflict: पुष्टि होने पर बढ़ेगी वरिष्ठ अधिकारियों की सूची
अगर उनकी मौत की पुष्टि होती है तो वे उन वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों की सूची में शामिल हो जाएंगे जिन्हें 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद मार दिया गया है। इसी दिन अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य कार्रवाई शुरू की थी।
इससे पहले भी ईरान को कई बड़े झटके लगे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, देश के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई भी इस संघर्ष में मारे गए प्रमुख नेताओं में शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा इस्लामिक गणराज्य के कई बड़े राजनीतिक और सैन्य अधिकारी भी हमलों में मारे गए, जिससे ईरान की शीर्ष नेतृत्व व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचा।
अली लारीजानी की मौत से भी लगा बड़ा झटका
सर्वोच्च नेता के करीबी सलाहकार और सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी भी एक हमले का शिकार हुए थे। उनकी मौत को ईरान के लिए बड़ा नुकसान माना गया, क्योंकि उन्हें एक कुशल वार्ताकार के रूप में जाना जाता था।







