Jammu Police Action: नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही जम्मू पुलिस के साउथ जोन ने चोरी और गुमशुदगी के मामलों में बड़ी सफलता दर्ज की है। बीते 57 दिनों में पुलिस ने अलग-अलग अभियानों के तहत करीब 90 लाख रुपये मूल्य की चोरी और गुमशुदा संपत्ति बरामद की है। इस उपलब्धि की जानकारी जम्मू के मॉडल पुलिस स्टेशन गांधीनगर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी गई।
ऑपरेशन ‘रीकनेक्ट’ में 196 मोबाइल बरामद
तीन प्रमुख अभियानों रीकनेक्ट, अवतार और मेघदूत के तहत यह कार्रवाई की गई। इनमें सबसे बड़ी सफलता ऑपरेशन रीकनेक्ट के तहत मिली। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस यूनिट (ESU) की टीम ने 196 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 68 लाख रुपये बताई गई है। इनमें से 36 मोबाइल पहले ही उनके असली मालिकों को लौटाए जा चुके हैं, जबकि शेष 160 मोबाइल कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सौंपे जा रहे हैं। इस अभियान का नेतृत्व सार्जेंट ऋषि अबरोल ने किया।
Jammu Police Action: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश
ऑपरेशन अवतार के तहत गांधीनगर थाना पुलिस ने एक मोटरसाइकिल चोरी के मामले की गुत्थी सुलझाई। जांच के दौरान दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जिनसे पूछताछ में 15 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें हीरो स्प्लेंडर, पल्सर आरएस200 और स्कूटी प्लेजर शामिल हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
ऑपरेशन ‘मेघदूत’ में सैलून चोरी का खुलासा
ऑपरेशन मेघदूत के तहत गांधीनगर क्षेत्र में हुए एक बड़े सैलून चोरी के मामले को भी पुलिस ने सुलझा लिया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और करीब 10 लाख रुपये मूल्य का चोरी हुआ सैलून का सामान बरामद किया गया।
Jammu Police Action: टेक्नोलॉजी और सर्विलांस से मिली सफलता
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये सभी सफलताएं प्रिवेंटिव पुलिसिंग, तकनीकी विश्लेषण, इंटर-स्टेट कोऑर्डिनेशन और स्मार्ट सिटी सीसीटीवी नेटवर्क के प्रभावी उपयोग से संभव हो सकीं। साउथ जोन पुलिस ने बरामद संपत्ति को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है, जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।
ये भी पढ़े… हाई अलर्ट: कश्मीर से दिल्ली तक आतंकी साजिश के इनपुट, कई शहर निशाने पर






