Jehanabad News: जहानाबाद सदर अस्पताल में मिशन परिवार विकास अभियान के तहत पुरुष नसबंदी पखवाड़ा का आयोजन किया गया। इस विशेष पहल का उद्देश्य परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करना और पुरुषों को भी बराबर की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना है।
सुरक्षित रखने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत
अस्पताल को मिले लक्ष्य के अनुसार, कुल 50 महिला बंध्याकरण और 15 पुरुष नसबंदी कराई जानी हैं। अभियान की प्रगति बताते हुए अस्पताल प्रशासन ने कहा कि 22 नवंबर 2025 से 8 दिसंबर 2025 के बीच 21 महिलाओं का बंध्याकरण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। स्वास्थ्य मेला में आए मरीजों और उनके परिजनों को नसबंदी, गर्भनिरोधक साधन, टीकाकरण और अन्य परिवार नियोजन उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषकर महिलाओं को नसबंदी के लाभ, गर्भधारण में अंतर रखने की आवश्यकता और मां व बच्चे के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वस्थ परिवार के लिए माता-पिता दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखना आवश्यक है, जिससे दोनों बच्चे स्वस्थ रह सकें और मां का स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहे।
Jehanabad News: 50 नसबंदी का लक्ष्य
सदर अस्पताल के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारा लक्ष्य 50 नसबंदी का है, जिसमें पुरुष और महिला दोनों शामिल हैं। पुरुष नसबंदी के लिए 15 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और अभियान को सफल बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। वहीं परिवार नियोजन अधिकारी मंजुला सहाय ने कहा कि पखवाड़ा के दौरान महिलाओं को खुलकर जानकारी दी जाती है। कई महिलाएं अपने पति से बात करने में संकोच करती हैं, ऐसे में वे सीधे हमारे पास आती हैं और हम पूरी गोपनीयता के साथ उनका मार्गदर्शन करते हैं। यह सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसमें नसबंदी कराने वाले पुरुषों और महिलाओं को प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक दंपतियों को सुरक्षित, जागरूक और स्वस्थ परिवार नियोजन के लिए प्रेरित करना है।
Report By: बरुण कुमार
ये भी पढ़े… मिर्जापुर में शादी के 25 दिन बाद जीजा संग फरार हुई दुल्हन







