Jehanabad News: जहानाबाद शहर के मलहचक मोड़ के समीप स्थित राजकीयकृत उर्दू कन्या मध्य विद्यालय में आज बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर नाबालिग छात्राओं से छेड़खानी के गंभीर आरोप सामने आए। एक साथ तीन छात्राओं द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद विद्यालय परिसर में भारी हंगामा हुआ और देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्राओं के परिजन स्कूल पहुंच गए।
परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन
परिजनों ने आरोपी प्रधानाध्यापक संजय कुमार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान स्कूल का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह से बाधित हो गया और कुछ समय के लिए विद्यालय में तनाव की स्थिति बनी रही। पीड़ित छात्राओं और उनके परिजनों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक संजय कुमार पिछले कई महीनों से छात्राओं के साथ अशोभनीय और आपत्तिजनक व्यवहार कर रहा था। जब वे उसके व्यवहार का विरोध करती थीं तो उन्हें डराया-धमकाया जाता था और चुप रहने का दबाव बनाया जाता था। बुधवार को जब प्रधानाध्यापक की कथित हरकतें हद से ज्यादा बढ़ गईं, तब छात्राओं ने साहस दिखाते हुए पूरी घटना अपने-अपने परिजनों को बता दी। इसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और वे तुरंत विद्यालय पहुंच गए।
Jehanabad News: स्कूल में अवैध रूप से बेड रखने का आरोप
छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक ने विद्यालय के एक कमरे में अवैध रूप से बेड लगा रखा था, जिसका इस्तेमाल वह गलत उद्देश्यों के लिए करता था। इस खुलासे के बाद परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया तथा आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई। मामले की सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यालय परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती की। फिलहाल, पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है। परिजनों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।
घटना के बाद से ही आरोपी प्रधानाध्यापक संजय कुमार फरार बताया जा रहा है। नगर थाना पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन का बयान
मामले में नगर थाना अध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि पीड़ित छात्राओं के परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने कहा कि नाबालिग छात्राओं के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Report By: बरुण कुमार
ये भी पढ़े… भुना चना में जहरीले केमिकल की मिलावट का बड़ा खुलासा, 30 टन माल जब्त







