Kannauj News : कन्नौज जनपद के तिर्वा विधानसभा क्षेत्र में करंट से युवक की दर्दनाक मौत के बाद मामला सिर्फ एक हादसा नहीं रहा, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और जवाबदेही को लेकर बड़ा सवाल बन गया है। पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे तिर्वा से भाजपा विधायक कैलाश राजपूत का गुस्सा बिजली विभाग और स्थानीय पुलिस पर उस समय फूट पड़ा, जब परिजनों ने थाने की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना थाना इंदरगढ़ क्षेत्र के गांव चन्दौआ की है। बताया गया कि गांव निवासी अखिलेश राजपूत पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान गांव के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर स्थानीय लाइन पर गिर गया, जिससे अचानक तेज वोल्टेज फैल गया। उसी समय अखिलेश खंभे के पास से गुजर रहा था और करंट की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर इंदरगढ़ थाने में शिकायत दी, लेकिन थाना स्तर पर शिकायती पत्र में बदलाव कर दिया गया। परिवार का यह भी कहना है कि सूचना देने के बावजूद थाना प्रभारी मौके पर नहीं पहुंचे। इन्हीं शिकायतों के साथ जब विधायक कैलाश राजपूत मृतक के घर पहुंचे तो उनका आक्रोश खुलकर सामने आया।
विधायक ने फोन पर बातचीत के दौरान संबंधित अधिकारी को फटकार लगाते हुए कहा कि एफआईआर ऐसी होनी चाहिए, जिससे पीड़ित परिवार को मुआवजा (क्लेम) मिल सके। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो परिणाम भुगतने होंगे। बातचीत के दौरान बोले गए तीखे शब्दों का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह मामला अब प्रशासनिक संवेदनशीलता, पुलिस-बिजली विभाग की जिम्मेदारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के सवालों से जुड़ गया है। स्थानीय लोग भी घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाहियों की पुनरावृत्ति न हो।
Reporter By – pankaj Kumar Srivastava






