Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार लग्जरी कार ने सड़क पर आतंक मचा दिया। ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर काली रंग की एक लैम्बोर्गिनी कार ने तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बेकाबू रफ्तार में थी और पीछे से आकर पहले बाइक सवारों को टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे लगे खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।
Kanpur News: हादसे के बाद ड्राइवर फरार, बाउंसर्स पर मारपीट का आरोप
घटना के बाद कार चला रहा युवक मौके से फरार हो गया। आरोप है कि कार में मौजूद बाउंसर्स ने उसे वहां से भगा दिया। पीड़ितों का यह भी कहना है कि टक्कर के बाद बाउंसर्स ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।घायल सोनू त्रिपाठी ने बताया कि वह अपने भाई विशाल त्रिपाठी के साथ बुलेट से बाजार जा रहे थे, तभी पीछे से आई लैम्बोर्गिनी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तौसीफ नाम का एक अन्य युवक भी घायल हुआ है।
Kanpur News: पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, जांच तेज
सूचना मिलते ही ग्वालटोली थाना प्रभारी संतोष गौड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से मोहन नाम के एक युवक को हिरासत में लिया है और कार को थाने ले जाया गया है। पीड़ित सोनू त्रिपाठी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।थाना प्रभारी ने बताया कि फरार युवक की पहचान की जा रही है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Kanpur News: लग्जरी कार, बड़ा नाम जांच में अहम सुराग
सूत्रों के मुताबिक, यह लैम्बोर्गिनी शहर के एक बड़े तंबाकू व्यापारी के परिवार से जुड़ी बताई जा रही है। चूंकि कानपुर में ऐसी लग्जरी कारें बेहद कम लोगों के पास हैं, ऐसे में पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीदों के बयान और वाहन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की परतें खोलने में जुटी है।
ये भी पढ़े:‘यूपी आ रहा हूं’ किसने दी योगी आदित्यनाथ को खुली चुनौती?







