Kashmir Snow Cricket: कश्मीर में भारी बर्फबारी और जीरो से नीचे के तापमान के बीच भी क्रिकेट का जुनून कम नहीं हुआ है। लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) से सटे गुरेज इलाके में बर्फ से ढके मैदान पर स्थानीय लड़के क्रिकेट खेलते नजर आए। चारों तरफ जमी बर्फ की मोटी चादर और माइनस तापमान के बावजूद युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।
कश्मीर में लोकप्रिय हो रहा स्नो क्रिकेट
कश्मीर में अब स्नो फुटबॉल के साथ-साथ स्नो क्रिकेट भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। बर्फ पर खेला जाने वाला यह क्रिकेट युवाओं के लिए सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि खेल के प्रति उनके जुनून का प्रतीक बन गया है। साथ ही यह कश्मीर की खूबसूरती और वहां के जज्बे को भी दर्शाता है।
Kashmir Snow Cricket: सेना की मदद से होता है स्नो क्रिकेट टूर्नामेंट
गुरेज सेक्टर में इस समय 5 फीट से ज्यादा बर्फ जमी हुई है और तापमान माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। सर्दियों में यह इलाका कश्मीर के बाकी हिस्सों से कट जाता है। ऐसे हालात में जमी हुई बर्फ ही युवाओं के लिए खेल और मनोरंजन का जरिया बन जाती है। पिछले कई सालों से भारतीय सेना की मदद से यहां स्नो क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन भी किया जा रहा है।
Kashmir Snow Cricket: युवाओं को मिल रही स्नो स्कीइंग की ट्रेनिंग
भारतीय सेना के सहयोग से आयोजित इन आयोजनों में घाटी के अलग-अलग इलाकों से लोग हिस्सा लेते हैं। इसे सीमावर्ती इलाके में हिम्मत और हौसले की मिसाल के तौर पर देखा जाता है। इसके साथ ही सेना द्वारा स्थानीय युवाओं के लिए बेसिक स्नो स्कीइंग ट्रेनिंग प्रोग्राम भी चलाए जा रहे हैं।
बर्फ पर मैट बिछाकर खेला जा रहा क्रिकेट
Kashmir Snow Cricket: वीडियो में देखा जा सकता है कि युवा बर्फ पर मैट बिछाकर गेंदबाजी और बल्लेबाजी कर रहे हैं। गेंद जब बर्फ में जाती है तो खिलाड़ी उसमें कूदकर गेंद पकड़ते हैं और पूरे जोश के साथ खेल का आनंद लेते हैं। यह नजारा कश्मीर के युवाओं के जज्बे और खेल प्रेम को साफ तौर पर दिखाता है।
ये भी पढ़े: ‘गोदान’ के रिलीज से पहले CM योगी से मिलने पहुंचे निर्माता-निर्देशक विनोद चौधरी







