Keral news: केरल पुलिस की सतर्कता से एक बड़े विस्फोटक तस्करी मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने शनिवार को मलप्पुरम जिले के चेम्माड इलाके में एक ट्रक से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की। बाहर से प्याज से भरे दिख रहे इस ट्रक की बोरियों के बीच जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर और तार छिपाकर रखे गए थे। ट्रक शुक्रवार देर रात एक ईंट भट्ठे के पास खड़ा था और गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, ट्रक से सामान उतार रहे कुछ लोग पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गए। शनिवार सुबह ट्रक की तलाशी के दौरान प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर रखे गए कुल 245 बक्से बरामद हुए, जिनमें 10,500 से ज्यादा जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर और तार मौजूद थे। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
Keral news: ट्रक मालकिन हिरासत में
पुलिस ने ट्रक की मालकिन एक महिला को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया है कि महिला एक पत्थर की खदान भी चलाती है। पुलिस को आशंका है कि बरामद विस्फोटक अवैध खनन कार्यों में इस्तेमाल के लिए लाए गए थे। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि विस्फोटक केरल के बाहर से मंगवाए गए थे।
दूसरी बड़ी जब्ती से बढ़ी चिंता
Keral news: गौरतलब है कि यह केरल में हाल के दिनों की दूसरी बड़ी विस्फोटक जब्ती है। इससे पहले 4 फरवरी को पलक्कड़ जिले में तरबूज से लदे एक वाहन से 18,000 जिलेटिन छड़ें और 4,200 डेटोनेटर बरामद किए गए थे। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से राज्य में सक्रिय विस्फोटक तस्करी नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें: मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का बदला नाम, अब कहलाएगा ‘श्री राम मंदिर मयूर विहार’







