ख़बर का असर

Home » राष्ट्रीय » केरल चुनाव की उलटी गिनती शुरू, चुनाव आयोग ने खोला तैयारियों का पूरा प्लान

केरल चुनाव की उलटी गिनती शुरू, चुनाव आयोग ने खोला तैयारियों का पूरा प्लान

Kerala Elections 2026: केरल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर चुनाव आयोग ने कोच्चि में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुकबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और समाज के प्रेरणादायक लोगों को सम्मानित भी किया गया।

युवा मतदाताओं और प्रेरणादायक लोगों का सम्मान

कार्यक्रम में अमृता, यानल सुलेमान और फेनल सारा जेफरसन जैसे युवा मतदाताओं को सम्मानित किया गया। अमृता सेंट पॉल्स कॉलेज से बीकॉम इन कोऑपरेशन, यानल सुलेमान बीकॉम इन लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट और फेनल सारा जेफरसन बी वोक इन मैनेजमेंट ऑफ पब्लिक सिस्टम्स एंड वेलफेयर की पढ़ाई कर रही हैं। इसके अलावा 96 वर्षीय पीबी विशलम को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने 1956 में सरकारी दाई के रूप में सेवा शुरू की थी और आज भी सक्रिय मतदाता हैं।

Kerala Elections 2026: राजनीतिक दलों और अधिकारियों के साथ बैठक

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पिछले दो दिनों में चुनाव आयोग ने केरल की सभी राजनीतिक पार्टियों और राज्य की चुनाव मशीनरी के साथ विस्तृत बैठकें की हैं। इन बैठकों में मुख्य सचिव, डीजीपी, पुलिस और विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए। आयोग ने युवाओं, स्विप आइकॉन और समाज के अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की, ताकि आगामी चुनाव में अधिक से अधिक मतदाता भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

केरल में लोकतंत्र की मजबूत परंपरा

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि केरल में लोकतंत्र की परंपरा काफी पुरानी रही है। लगभग एक हजार साल पहले यहां ‘नट्टाकूट्टम’ जैसी संस्थाएं सामूहिक निर्णय की परंपरा को आगे बढ़ा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि 1960 में केरल में पहली बार आचार संहिता लागू की गई थी, जिसे बाद में चुनाव आयोग ने पूरे देश में अपनाया और आज यह मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के रूप में लागू है।

Kerala Elections 2026: विधानसभा सीटें और मतदाताओं का आंकड़ा

राज्य में कुल 140 विधानसभा सीटें हैं, जिनमें 124 सामान्य, 14 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 मई 2026 को समाप्त होगा। चुनाव आयोग के अनुसार केरल में कुल 2,69,53,644 मतदाता हैं। राज्य में 30,471 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें इस बार 5,000 नए केंद्र जोड़े गए हैं।

मतदान केंद्रों पर विशेष सुविधाएं

चुनाव आयोग ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी और किसी भी बूथ पर 1,200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। इसके अलावा 397 महिला संचालित मतदान केंद्र और 790 से अधिक मॉडल मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। सभी केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर, पीने का पानी, शौचालय, हेल्प डेस्क और पर्याप्त रोशनी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए व्यवस्था

राज्य में लगभग 2.43 लाख दिव्यांग मतदाता और 2 लाख से अधिक 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता हैं। चुनाव आयोग ने बताया कि इच्छुक बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को घर से मतदान की सुविधा दी जाएगी। केरल में 1,571 मतदाता ऐसे भी हैं जिनकी उम्र 100 वर्ष से अधिक है।

Kerala Elections 2026: चुनाव प्रक्रिया में तकनीक का इस्तेमाल

चुनाव आयोग के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए तकनीक का भी व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा। पहले चुनाव से जुड़ी 40 अलग-अलग ऐप्स को मिलाकर ‘ईसीआईनेट’ नाम का एक ही प्लेटफॉर्म बनाया गया है। इसके जरिए मतदाता उम्मीदवारों की जानकारी, मतदान प्रतिशत और परिणाम जैसी जरूरी जानकारी मोबाइल पर देख सकेंगे।

फेक न्यूज और चुनावी प्रलोभनों पर सख्ती

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर फेक न्यूज और गलत जानकारी पर कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही आयकर, कस्टम, आबकारी और वन विभाग समेत 24 प्रवर्तन एजेंसियां नकदी, शराब या अन्य प्रलोभनों पर सख्ती से निगरानी रखेंगी।

ये भी पढ़े… T20 World Cup 2026 Prize Money: चैंपियन टीम पर होगी पैसों की बारिश, जानिए विजेता से लेकर सुपर-8 तक किसे मिलेंगे कितने करोड़

 

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

Khabar India YouTubekhabar india YouTube poster

राशिफल