Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जिले में आज शनिवार को मोहम्मदी–गोला मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। सराय मोड़ के पास तेज रफ्तार से आ रही एक डिजायर कार और यात्रियों से भरे ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरा, जिससे उसमें सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में घायलों का उपचार
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के समाजसेवी शिवम राठौर तुरंत मौके पर पहुँचे। उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए जानकी एम्बुलेंस और सरकारी 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। शिवम राठौर के साथ मौजूद स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त ऑटो में फँसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहम्मदी भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जबकि अन्य की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
Lakhimpur Kheri: एम्बुलेंस कर्मियों की सराहना
समय रहते अस्पताल पहुँचने से कई घायलों की जान बच सकी, जिसके लिए स्थानीय लोगों ने समाजसेवियों और एम्बुलेंस कर्मियों की खुले दिल से सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि समय पर मदद न मिलती तो हादसा और भी गंभीर रूप ले सकता था। स्थानीय निवासियों के अनुसार सराय मोड़ के पास सड़क काफी संकरी है और यह स्थान एक तरह का अंधा मोड़ है, जहाँ पहले भी कई दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं। तेज रफ्तार वाहन और पर्याप्त यातायात संकेत न होने के कारण यहाँ हादसों का खतरा बना रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुँची और क्षतिग्रस्त कार व ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।
ये भी पढ़े… मेरठ में हैवानियत के बाद मिली धमकी ने तोड़ा किशोरी का हौसला, खाया जहर







