Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जनपद के थाना तिकुनिया क्षेत्र के अंतर्गत उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के पास स्थित एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 और तिकुनिया पुलिस की टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक को बेहोशी की हालत में सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पहले पढ़े क्या है मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, तिकुनिया थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला यह युवक अज्ञात कारणों के चलते अचानक गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ने लगा। ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुँच गया। ऊपर पहुँचने के बाद युवक काफी देर तक वहीं खड़ा रहा, जिससे नीचे मौजूद लोगों की सांसें अटकी रहीं। जबकि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और यूपी डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुँचे पुलिसकर्मियों ने पहले युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन टावर की ऊंचाई और धूप के कारण युवक की हालत बिगड़ने लगी और वह ऊपर ही बेहोश जैसा हो गया।
इसके बाद पुलिस टीम के जांबाज सिपाहियों ने बिना वक्त गंवाए खुद टावर पर चढ़ने का फैसला किया। जान जोखिम में डालकर पुलिसकर्मी टावर पर ऊपर तक पहुँचे और बेहोशी की हालत में युवक को सहारा देकर धीरे-धीरे सुरक्षित नीचे उतारा।
Lakhimpur Kheri: युवक टावर पर क्यों चढ़ा?
नीचे उतारने के बाद युवक को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक टावर पर क्यों चढ़ा था? क्या यह किसी पारिवारिक विवाद का मामला है या फिर युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वहीं समय पर मौके पर पहुंचकर युवक की जान बचाने के लिए ग्रामीणों ने डायल 112 और तिकुनिया पुलिस की जमकर प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने तत्परता न दिखाई होती, तो युवक टावर से गिर सकता था और कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती थी।
Report BY: संजय कुमार राठौर
ये भी पढ़े… नशे के खिलाफ खीरी पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, अवैध गांजे के साथ आरोपी किया गिरफ्तार






