Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र के बेहजम चौराहे पर बीती रात शातिर चोरों ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए तीन दुकानों को निशाना बनाया। ज्वेलरी शॉप और ऑटो स्पेयर पार्ट्स की दुकान में चोरी की घटना हुई, जबकि पास ही स्थित एक किराना स्टोर में चोर असफल रहे।
अब पढ़े मामला…
जानकारी के अनुसार, चोरी मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात की है। ठंड और सन्नाटे का फायदा उठाकर चोरों का एक गिरोह बेहजम चौराहे पहुंचा। सबसे पहले उन्होंने ज्वेलरी शॉप के मजबूत शटर को भारी औजारों की मदद से उखाड़कर कीमती गहने और नकदी चुराई। इसके बाद ऑटो स्पेयर पार्ट्स की दुकान में प्रवेश कर वहां से भी लाखों की संपत्ति पार कर ली। किराना स्टोर में ताले मजबूत होने और किसी आहट के कारण चोर सफल नहीं हो पाए।
वही जब आज बुधवार सुबह दुकानदारों ने अपनी दुकानों को खोला तो ज्वेलरी शॉप का शटर मुड़ा हुआ और ऑटो पार्ट्स की दुकान के ताले जमीन पर पड़े मिले। खबर तेजी से पूरे कस्बे में फैल गई और व्यापारियों तथा स्थानीय लोगों का भारी हुजूम घटना स्थल पर उमड़ पड़ा।
नीमगांव थानाध्यक्ष ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट बुलाए गए हैं। इसके अलावा, आसपास के CCTV फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। थानाध्यक्ष ने रात की गश्त पर लगे पुलिसकर्मियों से भी जवाब-तलब किया है।
Lakhimpur Kheri: व्यापारियों में रोष
इस घटना को लेकर स्थानीय व्यापार मंडल ने गहरा विरोध जताया है। अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर 48 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा और माल बरामद नहीं हुआ, तो वे धरना-प्रदर्शन और बाजार बंद करने का कदम उठाएंगे। नीमगांव पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अब यह देखना बाकी है कि पुलिस कब तक चोरों को गिरफ्तार कर व्यापारियों के नुकसान की भरपाई करती है।






