Lakhimpur Kheri: उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन रक्षा’ के तहत लखीमपुर खीरी पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार को एएचटीयू (एन्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने गौरीफंटा इंडो-नेपाल बॉर्डर और पलिया कोतवाली क्षेत्र में सघन चेकिंग व जन-जागरूकता अभियान चलाया।
बॉर्डर से लेकर रेलवे स्टेशन तक सघन तलाशी
पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक राम अवतार (प्रभारी एएचटी) के नेतृत्व में टीम ने सीमावर्ती इलाकों में डेरा डाला। संयुक्त टीम ने गौरीफंटा बॉर्डर, पलिया रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के साथ-साथ शहर में संचालित स्पा सेंटरों, मसाज पार्लरों, होटलों और ढाबों की बारीकी से चेकिंग की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मानव तस्करी (Human Trafficking) पर लगाम लगाना और जबरन श्रम या अनैतिक कार्यों में धकेली गई महिलाओं व बालिकाओं का रेस्क्यू करना है। चेकिंग के दौरान टीम ने संचालकों के रजिस्टर और वहां मौजूद कर्मचारियों के पहचान पत्रों की जांच की।
Lakhimpur Kheri: दोषियों को सख्त हिदायत
तलाशी के दौरान फिलहाल किसी भी संस्थान में कोई अवांछनीय या अवैध गतिविधि प्रकाश में नहीं आई। हालांकि, टीम ने स्पा सेंटर और होटल संचालकों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। उपनिरीक्षक राम अवतार ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी भी संस्थान में मानव तस्करी या अनैतिक देह व्यापार से जुड़ी शिकायत सही पाई गई, तो बिना किसी रियायत के कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। अभियान के दौरान सीडब्ल्यूसी सदस्य श्री रामशरण और चाइल्ड लाइन प्रभारी श्रीमती अंजुम परवीन ने स्थानीय नागरिकों और यात्रियों को मानव तस्करी के प्रति जागरूक किया। महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए टीम ने महत्वपूर्ण टोल-फ्री नंबर साझा किए..
* 112: आपातकालीन पुलिस सहायता
* 1090: विमेन पावर लाइन
* 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन

संयुक्त टीम में ये रहे शामिल
इस महत्वपूर्ण अभियान में महिला उप निरीक्षक श्रीमती सवेश मौर्य, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, महिला कांस्टेबल संध्या श्रीवास्तव सहित एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के अन्य सदस्य सक्रिय रहे। आपको बता दें कि भारत-नेपाल सीमा पर ऑपरेशन रक्षा की यह कवायद मानव तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने में कारगर साबित होगी। एएचटीयू की इस सक्रियता से सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
Report By: संजय कुमार
ये भी पढ़े… UP में देर रात 6 PCS अधिकारियों के तबादले, मथुरा से हमीरपुर भेजे गए नगर मजिस्ट्रेट, देखें लिस्ट







