Lakhimpur Kheri: माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (UP Board) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं कल यानी बृहस्पतिवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षा को लेकर जहां एक ओर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, वहीं दूसरी ओर जनपद की संवेदनशील जिलाअधिकारी (डीएम) दुर्गा शक्ति नागपाल ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए विशेष संदेश साझा किया है। डीएम ने जनपद के सभी परीक्षार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें तनावमुक्त रहकर परीक्षा देने की प्रेरणा दी है।
आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा केवल अंकों का खेल नहीं, बल्कि धैर्य और मेहनत का परीक्षण है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि सभी छात्र-छात्राएं पूरे आत्मविश्वास और लगन के साथ परीक्षा हॉल में प्रवेश करें। आपने साल भर जो मेहनत की है, उसे उत्तर पुस्तिका पर उतारने का समय आ गया है। घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि शांत मन और एकाग्रता से दी गई परीक्षा ही सर्वश्रेष्ठ परिणाम लाती है। डीएम ने आगे कहा कि विद्यार्थी किसी भी प्रकार के मानसिक दबाव में न आएं। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि धैर्य और निरंतर मेहनत के बल पर वे निश्चित रूप से सफलता की नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं। शिक्षा के प्रति हमेशा सजग रहने वाली डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने केवल छात्रों को ही नहीं, बल्कि समाज के दो महत्वपूर्ण स्तंभों अभिभावकों और शिक्षकों से भी भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के इन दिनों में बच्चों को घर और स्कूल में एक सकारात्मक माहौल मिलना अत्यंत आवश्यक है।
डीएम ने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों पर अच्छे अंक लाने का अतिरिक्त दबाव न डालें, बल्कि उनका उत्साह बढ़ाएं और उनकी सेहत व खान-पान का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे छात्रों के मार्गदर्शक बनकर उनके भीतर के डर को दूर करें और उन्हें अंतिम समय में जरूरी टिप्स व मार्गदर्शन प्रदान करें।
Lakhimpur Kheri: नकलविहीन परीक्षा के लिए ‘लक्ष्मण रेखा’ तैयार
एक तरफ जहाँ डीएम ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया है, वहीं दूसरी ओर नकल माफियाओं और अव्यवस्था फैलाने वालों को कड़ा संदेश भी दिया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। साथ ही आपको बता दें कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों को ‘वेबकास्टिंग’ के जरिए सीधे कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। पल-पल की गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है, जो लगातार केंद्रों का भ्रमण करेंगे। नकल पर नकेल कसने के लिए जनपद में कई सचल दस्ते सक्रिय रहेंगे, जो किसी भी समय केंद्रों पर छापेमारी कर सकेंगे।
डीएम ने छात्रों को सलाह दी कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और प्रश्नपत्र को हल करने से पहले उसे ध्यानपूर्वक पढ़ें। उन्होंने कहा कि समय का सही प्रबंधन (Time Management) परीक्षा में अच्छे अंक दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।
लखीमपुर खीरी जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को लेकर की गई यह मानवीय और प्रशासनिक पहल सराहनीय है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के शुभकामना संदेश ने निश्चित रूप से उन हजारों छात्र-छात्राओं के भीतर एक नया जोश भरा है, जो कल अपने जीवन की एक महत्वपूर्ण परीक्षा की दहलीज पर खड़े होंगे। पूरा जनपद अब इन मेधावियों के सफल प्रदर्शन की कामना कर रहा है।
Report By: संजय कुमार
ये भी पढ़े… गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने भारत की थू-थू करा दी!






