Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जिले के खमरिया क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत और प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। ताजा घटनाक्रम में तेंदुए ने एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और एक बकरे को अपना निवाला बना लिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग केवल कागजी कार्रवाई और दिखावे तक सीमित है।
हमले से गांव में मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, खमरिया क्षेत्र के एक गांव में तेंदुआ अचानक रिहायशी इलाके में घुस आया। घर के बाहर काम कर रही एक महिला पर तेंदुए ने पीछे से हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ पास के गन्ने के खेत में छिप गया। लेकिन भागने से पहले उसने वहीं बंधे एक बकरे को मौत के घाट उतार दिया। घायल महिला को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है।

Lakhimpur Kheri: 24 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात
बताते चलें कि तेंदुए के आतंक का यह कोई पहला मामला नहीं है। महज़ एक दिन पहले ही पड़ोसी गांव में तेंदुए ने तांडव मचाते हुए करीब आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया था। लगातार हो रहे हमलों के बाद भी वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है।
पिंजरा बना ‘शो-पीस’, ग्रामीणों में उबाल
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विभाग ने एक गांव में पिंजरा तो लगा दिया है, लेकिन वह केवल ‘प्रदर्शन’ की वस्तु बनकर रह गया है। ग्रामीणों के अनुसार, वन विभाग की टीम मौके पर आकर केवल औपचारिकता पूरी करती है और पल्ला झाड़कर चली जाती है। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही तेंदुए को पकड़ा नहीं गया, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल पूरा क्षेत्र गन्ने की आड़ में छिपे इस शिकारी के खौफ के साये में जीने को मजबूर है।
Report By: sanjay kumar
ये भी पढ़े… ‘सड़क पर पलटी कार, पहिये ऊपर’ कचहरी रोड पर भीषण सड़क हादस से लखीमपुर खीरी में फैली सनसनी







