Madhepura News: कहते हैं प्रेम न देश देखता है, न भाषा और न ही संस्कृति इस कहावत को सच कर दिखाया है मधेपुरा जिले के पुरैनी प्रखंड अंतर्गत रौता गांव निवासी आईआईटीयन इंजीनियर राहुल कुमार और जापान की रहने वाली मारिया ने। जापान की धरती पर शुरू हुई दोनों की प्रेम कहानी अब बिहार के एक छोटे से गांव तक पहुंचकर विवाह के पवित्र बंधन में बंध चुकी है और पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
अब पढ़े मामला…
प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल कुमार वर्ष 2020 से जापान की प्रतिष्ठित होंडा कंपनी में सीनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात टोक्यो की रहने वाली मारिया से हुई, जो एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं। पहले दोस्ती, फिर आपसी समझ और विश्वास ने इस रिश्ते को प्रेम में बदल दिया। दोनों ने अपने-अपने परिवारों की सहमति से टोक्यो में विधिवत विवाह किया। विवाह के पश्चात राहुल अपनी जीवनसंगिनी मारिया को लेकर अपने पैतृक गांव रौता (पुरैनी प्रखंड) पहुंचे। गांव पहुंचते ही जापानी बहू का पारंपरिक भारतीय अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं, मिठाइयों और उत्साह के साथ नवविवाहित दंपती का अभिनंदन किया। सादगी, मुस्कान और संस्कारों से सबका दिल जीतने वाली मारिया ने गांव वालों को देखकर ‘हेलो जी’ कहा और हाथ जोड़कर ‘प्रणाम’ किया, जिससे लोग बेहद प्रभावित हुए। गांव की महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे जापानी बहू को देखने और उनसे मिलने के लिए खासे उत्साहित नजर आए। हर कोई इस अनोखे रिश्ते को करीब से जानना चाहता था।

Madhepura News: कार्यक्रम में दूर-दराज से लोग शामिल
बताया जाता है कि मारिया जापानी और अंग्रेजी भाषा में पारंगत हैं और भारतीय संस्कृति को समझने और अपनाने की पूरी कोशिश कर रही हैं। गांव में आयोजित प्रीतिभोज कार्यक्रम में दूर-दराज से लोग शामिल हुए। इस अनोखे विवाह और जापान से आई बहू को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। राहुल कुमार मधेपुरा जिले के पुरैनी अंतर्गत कुर्संडी रौता निवासी सुधिष्ठ यादव के पुत्र हैं। यादव वर्तमान में दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट में कार्यरत हैं। बेटे की इस उपलब्धि और अंतरराष्ट्रीय रिश्ते को लेकर परिवार के साथ-साथ गांव में भी गर्व का माहौल है। इस संबंध में पंचायत के उप मुखिया वाजिद खान ने कहा कि पूरी पंचायत इस विवाह से बेहद खुश है। हम लोगों ने जापान से आई बहू का दिल से स्वागत किया है। यह रिश्ता हमारे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
Report By: राजीव रंजन
ये भी पढ़े… राजस्थान पुलिस की कार्रवाई से सहारनपुर में चल रहे नकली नोटों के नेटवर्क का भाड़फोड़, मास्टरमाइंड गिरफ्तार







