Magh Mela 2026: प्रयागराज में महाकुंभ के समापन के बाद आज से माघ मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर तड़के सुबह से ही त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अब तक 9 लाख से अधिक श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। मेला प्रशासन का अनुमान है कि दिन के अंत तक करीब 15 लाख श्रद्धालु संगम पहुंच सकते हैं।
स्नान के बाद दर्शन-पूजन, कल्पवास की शुरुआत
पवित्र स्नान के उपरांत श्रद्धालु अक्षयवट और लेटे हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। आज से कल्पवास भी प्रारंभ हो गया है। हजारों कल्पवासी अगले 45 दिनों तक गंगा तट पर रहकर नियमपूर्वक पूजा-अर्चना करेंगे।
Magh Mela 2026: सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम, ATS-NIA अलर्ट
माघ मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी AI तकनीक से लैस CCTV कैमरों से की जा रही है। इसके साथ ही ATS और NIA के कमांडो भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं।

दो फर्जी बाबा गिरफ्तार, नकली नोट बरामद
मेले के दौरान पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए दो फर्जी बाबाओं को गिरफ्तार किया है। उनके पास से फर्जी आधार कार्ड और नकली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। वहीं, महाकुंभ में चर्चित रहे ‘दातून बॉय’ आकाश थार भी प्रयागराज पहुंचे हैं और माघ मेले में दातून कैंप लगाने का ऐलान किया है।
Magh Mela 2026: सीएम योगी के सख्त निर्देश, खुद फील्ड में उतरे अधिकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
800 हेक्टेयर में फैला मेला, 15 फरवरी तक आयोजन
माघ मेला करीब 800 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है और इसे 7 सेक्टरों में बांटा गया है। 8 किलोमीटर लंबे स्नान घाट बनाए गए हैं। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की भी व्यवस्था की गई है। मेला 15 फरवरी तक चलेगा और योगी सरकार इसे मिनी कुंभ के रूप में भव्य रूप से आयोजित कर रही है।

ये भी पढ़े… “संघ सत्ता नहीं, संस्कार गढ़ता है; भाजपा को कंट्रोल करने का सवाल ही नहीं”– मोहन भागवत






