Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना सुरीर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 88 के पास सुबह करीब 2:45 बजे हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लघुशंका के लिए रुकी थी बस
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक निजी बस में सवार कुछ यात्रियों ने चालक से बस रोकने का आग्रह किया था। यात्रियों को लघुशंका के लिए नीचे उतरना था। चालक ने बस को निर्धारित सुरक्षित स्थान पर रोकने के बजाय सड़क किनारे खड़ा कर दिया।
Mathura News: तेज रफ्तार कंटेनर ने मारी टक्कर
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही पलों में हालात बेकाबू हो गए।
छह यात्रियों की मौके पर मौत
हादसे में छह यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में औरैया जिले के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी असलम और दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष शामिल हैं। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
Mathura News: एक यात्री गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में औरैया जिले के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और लगातार निगरानी की जा रही है।
मौसम साफ, पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के अनुसार हादसे के समय मौसम पूरी तरह साफ था और कोहरे जैसी कोई स्थिति नहीं थी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर कुछ समय बाद यातायात बहाल कर दिया गया। पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा मानकों पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… “मलेशिया दौरे से पहले पीएम मोदी: भारतीय समुदाय भारत-मलेशिया रिश्तों की ताकत”







