Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोसीकलां क्षेत्र में ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से चर्चित चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौत के बाद हालात बिगड़ गए। मामले में पुलिस ने 22 नामजद और करीब 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
14 गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अलग-अलग टीमें संदिग्धों की लोकेशन ट्रैक कर रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
Mathura News: प्रशासन पर हमला, फायरिंग के आरोपm
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव किया, लाठी-डंडों से हमला किया और अवैध हथियारों से फायरिंग भी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
एसएसपी श्लोक कुमार के मुताबिक, ‘फरसा वाले बाबा’ ने एक संदिग्ध कैंटर (नागालैंड नंबर) को रोका था। उन्हें उसमें गोवंश होने का शक था। जब वे जांच के लिए लौट रहे थे, तभी कोहरे के कारण पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाबा की मौके पर ही मौत हो गई।
Mathura News: ट्रक चालक की भी गई जान
जांच में सामने आया कि ट्रक में तार लदा था, जबकि कैंटर में किराना सामान भरा हुआ था। प्रारंभिक शिकायत के आधार पर पुलिस ने इसे सड़क हादसा मानते हुए केस दर्ज किया था। इस दुर्घटना में ट्रक चालक, जो अलवर का रहने वाला था, गंभीर रूप से घायल हुआ। उसे पहले मथुरा और फिर आगरा रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
अफवाहों से बचने की अपील
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि कुछ बाहरी तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की और अफवाहें फैलाईं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के सोशल मीडिया पर कोई भी जानकारी साझा न करें। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने सेक्टर स्कीम लागू की है। मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
ये भी पढ़े… ‘न विजन, न मिशन…’ शहजाद पूनावाला का विपक्ष पर तंज, गरमाई सियासत







