Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोसीकलां थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए विवाद पर एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि बाहरी लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की थी। उन्होंने ही अफवाह फैलाने का काम किया। एसएसपी ने बताया कि बाहर से आए तीन आरोपियों समेत कुल 13 लोगों को शनिवार को हुए हंगामे के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी ने मामले में क्या बताया?
एसएसपी श्लोक कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कोसीकलां क्षेत्र में चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा ने एक वाहन को रोका था। वह वाहन नागालैंड नंबर का एक केंटर था। उन्हें केंटर में गोवंश की आशंका थी। वह जब कैंटर को चेक करने के लिए पीछे लौटे तभी कोहरे के कारण दूसरा ट्रक आकर टकराया। इसमें फरसा वाले बाबा घायल हुए और कुछ देर बाद घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। ट्रक चालक राजस्थान के अलवर का रहने वाला था। वह भी इस घटना में घायल हुआ था। उसे पहले मथुरा जिला अस्पताल और फिर आगरा के लिए रेफर किया गया था। हालांकि, इलाज के दौरान ट्रक चालक की भी मृत्यु हो गई।” उन्होंने बताया कि ट्रक में तार लदे हुए थे। कैंटर में किराने का सामान भरा था।

एसएसपी ने कहा कि घटना के समय बाबा के साथ मौजूद उनके सहयोगी ने पुलिस को एक शिकायत दी, जिसके आधार पर कोसीकलां थाने में एक्सीडेंट का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, “यह अफवाह फैलाई गई थी कि फरसा वाले बाबा की हत्या की गई है। इसके बाद कुछ लोग छाता थाना क्षेत्र में इकट्ठा हुए और उनकी तरफ से नेशनल हाईवे को जाम कर दिया गया। कुछ अराजक तत्वों ने पथराव किया। इस घटना को लेकर छाता थाना क्षेत्र में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने कहा एक बाहरी व्यक्ति ने अफवाह फैलाई थी और उसने माहौल खराब करने की कोशिश की। उसके और उसके तीन साथियों के खिलाफ भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को भी उसके तीन साथियों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है।
Mathura News: तथ्यों के आधार पर करें पोस्ट
बाहरी लोगों को स्थानीय निवासियों ने समझाया भी था कि वे यहां से चले जाएं। उन्होंने बाहरी व्यक्तियों से कहा था कि घटनाक्रम बिल्कुल स्पष्ट है। इसके बावजूद आरोपियों ने माहौल खराब करने और अफवाह फैलाने की कोशिश की। उन्होंने सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न की। मथुरा के एसएसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी जानकारी बिना तथ्यों या पुष्टि के सोशल मीडिया पर शेयर या पोस्ट न करें। तथ्यों के आधार पर ही सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट करें। उन्होंने बताया कि हम लोगों ने एहतियातन सेक्टर स्कीम लागू कर दी है, जिसमें मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं।
ये भी पढ़े… अबू आजमी का ‘धुरंधर 2’ को लेकर बड़ा बयान बोले- ‘फिल्म का मकसद मुसलमानों को बदनाम करना’







