ख़बर का असर

Home » उत्तर प्रदेश » कैंटर चालक से बना करोड़पति! 8 साल में नशीले सिरप तस्करी का किंग बना मेरठ का ‘आसिफ’ अब दुबई में चला रहा होटल

कैंटर चालक से बना करोड़पति! 8 साल में नशीले सिरप तस्करी का किंग बना मेरठ का ‘आसिफ’ अब दुबई में चला रहा होटल

कैंटर-चालक-से-बना-करोड़पति

Meerut News: मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के राधना गांव का रहने वाला आसिफ आज चर्चा में है कभी कैंटर चलाने वाला यह युवक अब दुबई ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस जैसे देशों में होटल और ट्रांसपोर्ट कारोबार का मालिक बन चुका है। गाजियाबाद पुलिस को उसकी तलाश है क्योंकि उस पर नशीले कफ सिरप की तस्करी का बड़ा नेटवर्क चलाने का आरोप है।

कुवैत से लौटकर शुरू किया था कारोबार

गांव वालों के मुताबिक करीब दस साल पहले आसिफ कुवैत में ट्रक ड्राइवर हुआ करता था। वहां उसके साथ एक और ड्राइवर दोस्ती में था जिसकी दुर्घटना में मौत हो गई। इसके बाद आसिफ भारत लौट आया और मृत मित्र की पत्नी से शादी की। देहरादून में उसकी संपत्ति बेचकर आसिफ ने एक कैंटर खरीदा और माल ढुलाई शुरू की।

Meerut News: कफ सिरप सप्लाई के बहाने तस्करी की राह

शुरुआती दिनों में आसिफ गांव के ही नदीम नामक युवक के साथ काम करने लगा जो कंपनी के नाम पर कफ सिरप की सप्लाई करता था। जल्द ही उसे पता चला कि नदीम इस कफ सिरप की आड़ में नशीला सिरप विदेशों तक तस्करी करता है। 2016 में जब दिल्ली नारकोटिक्स विभाग ने नदीम को गिरफ्तार किया तब पूरा नेटवर्क आसिफ ने संभाल लिया। बताया जाता है कि आसिफ ने बाद में नदीम की अधिवक्ता से शादी की, जबकि पहली पत्नी की कुछ समय बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई।

2020 में दुबई जाकर फैलाया साम्राज्य

2020 में आसिफ दुबई चला गया। वहां उसने दो होटल लीज पर लिए और ट्रांसपोर्ट बिजनेस भी शुरू किया। इसी कारोबार की आड़ में वह नशीले सिरप का नेटवर्क संभालता रहा। कहा जा रहा है कि उसके कारोबार की पहुंच अब ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस तक फैल चुकी है। यहां तक कि कोलकाता में उसने एक बार भी खोल रखा है। गांव वालों के अनुसार आसिफ महज आठ साल में करोड़ों की संपत्ति का मालिक बन गया है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि उसकी संपत्ति 8 से 10 हजार करोड़ रुपये तक की हो सकती है।

Meerut News: पुलिस के रडार पर सिरप डॉन

गाजियाबाद पुलिस और नारकोटिक्स विभाग अब आसिफ की तलाश में जुटे हैं। मेरठ एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के अनुसार अब तक किसी बाहरी जिले की पुलिस ने स्थानीय थाने से इस बाबत आधिकारिक जानकारी नहीं मांगी है। स्थानीय पुलिस के पास भी इसके खिलाफ कोई पुख्ता सुराग नहीं है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि आसिफ करीब सात महीने पहले गांव आया था और कुछ दिनों तक अपने परिवार के साथ रूका था फिर दुबई लौट गया।

राधना गांव की बदनामी का नया कारण

किठौर क्षेत्र का राधना गांव पहले से ही देशभर में अवैध तमंचा बनाने के लिए बदनाम रहा है। पुलिस ने यहां कई बार हथियार फैक्टरी पकड़ी थीं जिसके बाद इन गतिविधियों पर रोक लगी। मगर अब यही गांव नशीले कफ सिरप की अंतरराष्ट्रीय तस्करी के चलते फिर सुर्खियों में आ गया है। कुछ ही वर्षों में कैंटर चालक से करोड़पति तस्कर बने आसिफ की दास्तान गांव से लेकर गल्फ देशों तक चर्चा का विषय बनी हुई है और पुलिस के लिए एक चुनौती भी।

Report By: यश मित्तल 

ये भी पढ़े… ‘पत्नी को कोई होटल ले जाए, मुझे बर्दाश्त नहीं…’ वाराणसी में युवक ने दुखों से हारकर की खुदकुशी

5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

khabar india YouTube posterKhabar India YouTube

राशिफल