MP NEWS: मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेशवासियों को भारतीय सेना की समृद्ध विरासत से जोड़ना और युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से 15 जनवरी 2027 को भोपाल में सेना दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा।
अब भोपाल मे होगी दिल्ली जैसी परेड
मुख्यमंत्री के अनुसार, यह आयोजन नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तर्ज पर होगा। इसमें भव्य परेड के साथ सैन्य प्रदर्शनी, सैन्य अभ्यास और “शौर्य संध्या” जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार इस आयोजन के लिए भारतीय सेना को हरसंभव सहयोग देगी।
MP NEWS: सेना प्रमुख के साथ हुई बैठक
मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक में उपेंद्र द्विवेदी सहित सेना और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

शहर के प्रमुख स्थलों पर होंगे कार्यक्रम
कार्यक्रम के लिए शौर्य स्मारक, अटल पथ, बड़ा तालाब, जंबूरी मैदान और भेल के प्रमुख मार्गों को चुना गया है। परेड अटल पथ और अन्य प्रमुख मार्गों पर होगी, जबकि शौर्य संध्या टी.टी. नगर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। सैन्य प्रदर्शनी जंबूरी मैदान में लगेगी और बड़ा तालाब पर वॉटर स्पोर्ट्स व सैन्य अभ्यास होंगे।
MP NEWS: नवंबर 2026 से शुरू होगी तैयारी
इस आयोजन की शुरुआत 1 नवंबर 2026 को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस से होगी। “मेरी माटी अभियान” के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों से मिट्टी लाकर शौर्य स्मारक में संकल्प वृक्ष लगाया जाएगा। परेड के अभ्यास 9, 11 और 13 जनवरी को होंगे, जबकि शौर्य संध्या के लिए 11 और 13 जनवरी को रिहर्सल होगी। सैन्य प्रदर्शनी 7 से 12 जनवरी तक आयोजित की जाएगी।
शहीदों को मिलेगा सम्मान
इस आयोजन का उद्देश्य न केवल सेना की वीरता और परंपरा का प्रदर्शन करना है, बल्कि शहीदों को सम्मान देना और सेना व नागरिकों के बीच संबंधों को मजबूत करना भी है। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की भी संभावना है।

MP NEWS: राष्ट्रीय स्तर पर विकेंद्रीकरण की पहल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय आयोजनों के विकेंद्रीकरण की पहल के तहत सेना दिवस परेड अलग-अलग शहरों में आयोजित की जा रही है। इससे पहले यह आयोजन बेंगलुरु, लखनऊ, पुणे और जयपुर में हो चुका है। भोपाल में होने वाला यह आयोजन न केवल सैन्य शक्ति का प्रदर्शन होगा, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और सेना के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करेगा।
ये भी पढ़े… मोहन सरकार के मेगा फैसले: कर्मचारियों को राहत, किसानों-युवाओं को बड़ा फायदा! कैबिनेट के फैसलों में क्या खास?







